logo

विधायक राजेश कच्छप की कटी जेब, कांग्रेस के मशाल जुलूस में किसी ने दिखा दी हाथ की सफाई

1357.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची में रांची महानगर एवं जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में जय भारत सत्याग्रह कार्यक्रम के तहत लोकतंत्र बचाओ मशाल शांति मार्च निकाला गया। कार्यक्रम में नेताओं-कार्यकर्ताओं में खूब-जोश नजर आया। मगर इस भीड़ का लाभ हाथ की सफाई करने वालों ने भी उठाया। खिजरी विधायक राजेश कच्छप के साथ ही इन्होंने अपनी कलाकारी दिखाते हुए जेब काट ली। पता चला कि 30 हजार रुपए उनके पॉकेट से निकाल लिया गया। इसको लेकर राजेश कच्छप ने कहा कि वे एफआईआर तो नहीं कराएंगे मगर उन्होंने अपील की है कि इस पैसे का इस्तेमाल अच्छे कार्य में करें। इस पैसे का इस्तेमाल नशे के लिए न करें। इधर, जैसे ही लोगों को पता चला कि विधायक की जेब कट गई तो लोगों ने सबसे पहले अपने पॉकेट को चेक कर खुद का इत्मीनान किया। बताते चलें कि इसका मार्च का नेतृत्व रांची महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा एवं जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. राकेश किरण महतो ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान कांग्रेस के झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, मंत्री बन्ना गुप्ता एवं बादल पत्रलेख, विधायक नमन विकसल कोंगाड़ी, राजेश कच्छप, दीपिका पांडे सिंह, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत राज उपस्थित थे।

मित्रकाल के विरुद्ध लोकतंत्र को बचाने की है लड़ाई- अविनाश पांडे
कांग्रेस का झंडा एवं मशाल लेकर नेताओं-कार्यकर्ताओं ने जिला स्कूल के शहीद स्थल से राजभवन तक पैदल मार्च कर लोकतंत्र एवं संविधान को ध्वस्त करने को आतुर केंद्र की मोदी सरकार एवं उनके देश-विरोधी नीतियों एवं अडाणी महाघोटाले के विरुद्ध जमकर आवाज बुलंद किया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा, ये लड़ाई मित्रकाल के विरुद्ध लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। आज भाजपा ने झूठ-प्रपंच की सारी हदें पार कर ली है। ये सत्य की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी ना पहले तानाशाहों के आगे कभी झुका है और न कभी झुकेगी।

लोकतंत्र को ध्वस्त करने में लगी है केंद्र- राजेश ठाकुर
प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार देश की आत्मा यानि लोकतंत्र को ध्वस्त करने में लगी है। यह बात सिर्फ कांग्रेस पार्टी नहीं कह रही है, दुनिया भर के तमाम मीडिया संस्थान भी बोल रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि आज विदेश के अख़बारों में भारतीय लोकतंत्र पर लगातार हमले को लेकर खबरे छप रही हैं। लोगों के बीच आज भी सवाल बना हुआ है कि मोदी जी का अडाणी से क्या रिश्ता है एवं 20, 000 करोड़ किसके हैं? महानगर के अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा ने कहा केंद्र सरकार ने तानाशाही की सीमा लांघ दी है। रांची जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राकेश किरण महतो ने कहा कि केंद्र सरकार जेपीसी क्यों नहीं गठित कर रही है?

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT