जमशेदपुर:
Jamsedpur News: विजयादशमी के अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू का उत्सवी अंदाज देखने को मिला। भुइयांडीह स्थित प्रीतम पार्क के पटेल नगर मैदान में आयोजित सिंदूर खेला कार्यक्रम में उन्होंने नारी शक्ति की टीम के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान विधायक धुनुची नृत्य की धुन पर झूमती नजर आईं। महिलाओं के साथ नृत्य कर उन्होंने उत्सव की खुशियां साझा कीं और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।

धुनुची नृत्य और ढोल की थाप पर झूमीं महिलाएं
कार्यक्रम के दौरान सिंदूर की लालिमा, ढोल की थाप और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ सिंदूर खेला में भाग लिया। विधायक पूर्णिमा साहू भी महिलाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर नृत्य करती नजर आईं। उनके इस उत्सवी अंदाज ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं के उत्साह को और बढ़ा दिया।

अगले बरस फिर आने का दिया निमंत्रण
सिंदूर खेला के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य की कामना की और मां दुर्गा से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इसके बाद नाचते-गाते और मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। उत्सव के बीच सभी ने मां दुर्गा को अगले वर्ष फिर आने का निमंत्रण दिया। भक्ति, परंपरा और नारी शक्ति के संगम ने विजयादशमी के इस आयोजन को यादगार बना दिया।