logo

गोड्डा के 4 घाटों पर हफ्तेभर में शुरू होगी लीगल माइनिंग, तब तक रोका जाए अवैध खनन- प्रदीप यादव

a529.jpg

गोड्डा:

पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि गोड्डा के चार घाटों पर एक हफ्ते के भीतर लीगल माइनिंग शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि गोड्डा के सनातन घाट, राहा घाट, झिलुआ घाट और जसमाता घाट की नीलामी हो चुकी है। प्रदीप यादव ने कहा कि खान-भूतत्व विभाग के निदेशक राहुल सिन्हा ने आश्वासन दिया है कि छोटी सी तकनीकी समस्या दूर होते ही गोड्डा में लीगल माइनिंग शुरू हो जाएगी। पौड़ेयाहाट विधायक ने जानकारी दी है कि उन्होने 2 दिन पहले ही इस विषय पर खान-भूतत्व सचिव और निदेशक को पत्र लिखा था। 

लीगल माइनिंग में कहां फंसा है पेंच
प्रदीप यादव ने कहा कि भू-तत्व विभाग के सचिव और निदेशक से मैं जानना चाहता था कि जब बिडर का क्लियरेंस हो चुका  है। पर्यावरणीय स्वीकृति मिल चुकी है तो फिर लीगल माइनिंग क्यों शुरू नहीं हुई है? उन्होंने यहां जल्द लीगल बालू उठाव शुरू कराने की मांग की थी। प्रदीप यादव का ऐसा मानना है कि यदि समय रहते लीगल माइनिंग शुरू हो जाती तो अवैध बालू उठाव पर रोक लग जाता। प्रदीप यादव ने इस बाबत गोड्डा के उपायुक्त को भी चिट्ठी लिखी थी। बकौल प्रदीप यादव, खान-भूतत्व निदेशक राहुल सिन्हा ने उनको आश्वस्त किया है कि इस विषय पर विभागीय मीटिंग करने के अलावा उन्होंने गोड्डा डीसी से बात किया है। 

किस तकनीकी समस्या की ओर किया इशारा
भू-तत्व निदेशक का कहना है कि एनओसी में देरी की वजह महज एक छोटी सी तकनीकी समस्या है जिसमें यह स्पष्ट नहीं है कि बिडर कितना बालू का उठाव कर सकता है। दरअसल, बारिश के सीजन में कितना बालू जमा होता है और उसमें से कितना खनन किया जा सकता है, इसका निर्धारण होने के बाद ही लीगल माइनिंग की परमिशन मिलेगी। 2 दिन के भीतर दुमका से एक टीम जाकर इसकी जांच करेगी और अपना रिपोर्ट सौंपेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर 7 दिन में बालू का खनन शुरू होगा। 
 

Tags - Illegal Sand MiningLegal Send MiningSand MiningLegal Sand MiningPradeep YadavGodda News