नंदलाल तुरी
पाकुड़ विधायक निसात आलम और उपायुक्त मनीष कुमार के कर-कमलों द्वारा नगर परिषद, पाकुड़ स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (कालिकापुर) का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन के उपरांत विधायक एवं उपायुक्त ने अपना बीपी जांच कराया और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें 100 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई।
विधायक निसात आलम ने कहा कि आरोग्य मंदिर के शुभारंभ से नगर परिषद क्षेत्र के नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुलभ रूप से उपलब्ध होंगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आरोग्य मंदिर में नियमित चिकित्सकीय सेवाएं, दवाइयों की उपलब्धता और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह आयुष्मान आरोग्य मंदिर कालिकापुर के स्थानीय नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि यहां डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे लोगों को प्रारंभिक उपचार और आवश्यक जांच के लिए सदर अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिले के अन्य आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की तरह यह मंदिर भी स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में सहायक होगा। इस अवसर पर विधायक निसात आलम ने नगर के हाटपाड़ा स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही पाकुड़ प्रखंड के पत्थरघट्टा में पथ जीर्णोद्धार कार्य के लिए नारियल फोड़कर शिलान्यास भी किया गया।
