द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा में बजट सत्र चल रहा है, और इस बजट सत्र का आज सातवां दिन है वहीं पक्ष - विपक्ष के विधायकों के द्वारा जनहित के कई मुद्दे सदन में उठाये जा रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप ने ध्यान आकर्षण के माध्यम से सरकार से मांग की कि सीएनटी की भूमि पर नक्शा पास न हो। साथ ही बिजली और पानी कनेक्शन दिए जाने पर रोक लगाई जाए। इसके साथ ही दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की भी मांग की गयी। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की गड़बड़ी कैसे हो रही है इसे गंभीरता से लेने की जरूरत है। जब जमीन का रैयत खतियान में आदिवासी है तो वहां नक्शा कैसे पास हो जा रहा है।

कांग्रेस विधायकों के सवाल पर जवाब देते हुए भू राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ ने इसके लिए कई तकनीकी विषयों को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि इस विषय पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी। वहीं नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने स्पष्ट किया कि 40 साल पहले सीएनटी की जमीन खरीद कर लोग बस गए लोगों से अपेक्षा थी कि वह नियमों की अनदेखी नहीं करेंगे। तब जमीन पर नक्शा पास करने से पहले उसकी प्रकृति देखने का ठोस प्रावधान नहीं था, इससे भी गड़बड़ी हुई इसलिए यह गंभीर विषय है। जिसका कोई एक विभाग या हम समग्र जवाब नहीं दे सकते। वहीं इस गंभीर विषय पर अंत में विधानसभा स्पीकर रवीन्द्रनाथ महतो ने यह कहते हुए रास्ता निकाला की सरकार इसे संज्ञान में ले।
