द फॉलोअप डेस्क, रांची:
डुमरी विधायक जयराम महतो ने विधानसभा स्पीकर रबींद्रनाथ महतो को पत्र लिखा है। जयराम महतो ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ तथ्यहीन और भ्रामक प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने स्पीकर से अपनी गरिमा और प्रतिष्ठा की रक्षा करने की मांग की है। यह कहते हुए कि उनका विधायक बनना कुछ लोगों को खल रहा है, जयराम महतो ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यह कहते हुए कि मैं कानून से ऊपर नहीं हूं, जयराम महतो ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ राह चलते लोग झूठा मुकदमा दर्ज कराते हैं।
जयराम महतो ने सवाल किया है कि क्या पुलिस को इन मामलों में आरोपों की गंभीरता, उपलब्ध साक्ष्यों औऱ घटनास्थल की परिस्थितियों का परीक्षण नहीं करना चाहिए।

बरवाअड्डा वाले प्रकरण पर जयराम महतो की सफाई
बरवाअड्डा थाने में दर्ज हालिया प्राथमिकी का जिक्र करते हुए विधायक जयराम महतो ने कहा कि उन्हें गणेश दास नाम के व्यक्ति के साथ पुलिस हिरासत में मारपीट किए जाने की सूचना मिली थी और उन्होंने थाना प्रभारी से केवल सवाल किया था कि विधिसम्मत कार्रवाई की जगह पुलिस हिरासत में मारपीट क्यों की गई। जयराम महतो ने दावा किया है कि उन्होंने आरोपी को छोड़ने के लिए नहीं कहा था और ना ही पुलिस को कानूनी कार्रवाई से रोकने का प्रयास किया।
रांची और बोकारो की इन घटनाओं का क्यों किया जिक्र!
डुमरी विधायक ने दावा किया है कि गणेश दास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाले थाना पहुंचे और उनके खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि हंगामे के बीच विवाद में पड़ने की जगह उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से वहां से निकलना चुना। विधायक जयराम महतो ने कहा कि उन्हें मुकदमे का दुख नहीं है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद निष्पक्ष जांच के बिना निर्वाचित विधायक के खिलाफ मुकदमा गंभीर चिंता का विषय है।
गौरतलब है कि डुमरी विधायक ने बोकारो, रांची समेत अन्य जगहों पर विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए गये हैं।

विधायक ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया
जयराम महतो ने अतीत की कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनके खिलाफ हास्यास्पद मुकदमा दर्ज कराया गया, जब शराब पीकर कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोका और अंगरक्षकों के साथ कहासुनी के बाद नवाडीह थाने में केस दर्ज करा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया है कि चंद्रपुरा थानाक्षेत्र में घटित घटना पर नावाडीह थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों, थानाक्षेत्र और घटनास्थल की स्थिति की जांच नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने में तत्परता दिखाई जा रही है। उन्होंने इसे चिंताजनक स्थिति बताते हुए निर्वाचित प्रतिनिधि से जुड़ा गंभीर विषय बताया।

विधायक ने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग की
जयराम महतो ने कहा कि रांची में उनके खिलाफ किसी व्यक्ति को फोन पर धमकाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जबकि वायरल ऑडियो में ऐसी कोई बात नहीं थी। जयराम महतो ने दावा किया कि अन्य जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जब ऐसे ही मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया जाता है तो संबंधित थाना प्रभारी मना करते हैं, लेकिन उनके खिलाफ की गई शिकायत पर समुचित जांच के बिना कार्रवाई की जाती है। जयराम महतो ने आरोप लगाया है कि किसी गठबंधन का हिस्सा नहीं होने और जेएलकेएम का इकलौता विधायक होने की वजह से उनके खिलाफ अपराधी जैसा सलूक किया जाता है।
जयराम महतो ने कहा कि वह किसी विशेष संरक्षण की मांग नहीं करते, बल्कि केवल निष्पक्ष और समान कानूनी प्रक्रिया की मांग करते हैं। उन्होंने स्पीकर से उनकी शिकायत को गंभीरता से लेने की मांग करते हुए सरकार और संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराने की मांग की है।