दुमका
सारठ विधानसभा क्षेत्र के विधायक चुन्ना सिंह ने दुमका जिले के उन परिवारों को शीघ्र राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है, जो बीते तीन महीनों से राशन कार्ड के अभाव में जरूरी खाद्यान्न से वंचित हैं। उन्होंने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए दुमका उपायुक्त को निर्देश दिया कि संबंधित लोगों को प्राथमिकता के आधार पर राशन मुहैया कराया जाए।
यह कार्रवाई तब सामने आई जब कांग्रेस की सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर ब्यूटी मंडल ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनहित में आवाज उठाई। अपने ट्वीट में उन्होंने बताया कि दुमका जिले के कुछ गरीब परिवारों का राशन कार्ड पिछले तीन महीनों से लंबित है और संबंधित अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, "3 महीना से DSO DUMKA पेंडिंग हैं, गरीब परिवार हैं और पति प्रवासी मजदूर हैं, जल्द से जल्द राशन कार्ड उपलब्ध कराने हेतु अधिकारी को निर्देशित करें।"

मंडल ने इस ट्वीट में विधायक बसंत सोरेन, दुमका डीसी और खाद्य आपूर्ति विभाग के ट्विटर हैंडल को टैग कर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी।
इसके जवाब में विधायक चुन्ना सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा, "मामले को संज्ञान में लेके जल्द इनका राशन कार्ड उपलब्ध करवाए, धन्यवाद।" उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि प्रेमलता शर्मा, रोशन खातून, सितार खातून और सबीना बीबी — इन सभी वंचित परिवारों को अविलंब राशन की सुविधा दी जाए।
