logo

बंगाल में जनता को डराकर भाजपा ने जनमत लूटा, सेना भेज बनाए युद्ध जैसे हालात- मिथिलेश ठाकुर

सगूपग24.jpg

चंदन कश्यप/गढ़वा
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सह पूर्व मंत्री मिथलेश ठाकुर ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जनता के जनमत का सम्मान करते हुए वे नई सरकार को बधाई देते हैं, लेकिन जिस तरह एक देश दूसरे देश पर हमला करने के लिए सेना भेजता है, उसी तरह का माहौल बंगाल चुनाव में बनाया गया। उनके अनुसार यह चुनाव नहीं बल्कि युद्ध जैसी स्थिति थी, जिसमें सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर भाजपा ने जीत हासिल की। मिथलेश ठाकुर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ऐसा माहौल बना दिया गया था कि आम जनता में भय का वातावरण पैदा हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के जनमत को डर के जरिए प्रभावित किया गया और चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष नहीं रहने दिया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।


अन्य राज्यों को लेकर जताई आशंका
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल भाजपा के लिए एक बड़ा लक्ष्य था और अब उन्हें आशंका है कि अगला निशाना तमिलनाडु या केरल हो सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में अन्य राज्यों में भी इसी तरह की रणनीति अपनाई जा सकती है।


असम चुनाव पर प्रतिक्रिया और भविष्य की रणनीति
असम चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने पहली बार वहां चुनाव लड़ा और करीब डेढ़ फीसदी वोट हासिल किए। उन्होंने बताया कि दो-तीन सीटों पर पार्टी दूसरे स्थान पर रही, जबकि चार सीटों पर तीसरे स्थान पर रही। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में पार्टी और मजबूती से चुनाव लड़ेगी तथा अन्य राज्यों में भी अपना विस्तार करेगी।
 

Tags - election news Jharkhand Mukti Morcha BJP controversy India politics