logo

शादी का झांसा देकर हत्या, एक महीने से लापता युवक की गुत्थी पुलिस ने सुलझाई; आरोपी गिरफ्तार

giridih_police2.jpg

गिरिडीह

गिरिडीह जिले की पीरटांड़ थाना पुलिस ने करीब एक महीने से लापता युवक की गुमशुदगी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने युवक को शादी कराने के बहाने अपने साथ ले जाकर धनबाद के जंगल में पत्थर से सिर कुचलकर और गमछे से गला दबाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मानव कंकाल, हत्या में प्रयुक्त गमछा, कपड़े, चप्पल, मोबाइल और एक चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 01 जुलाई को पीरटांड़ थाना क्षेत्र के सियरांगी निवासी 72 वर्षीय हृदय नारायण सिंह ने अपने पुत्र शंकर कुमार सिंह उर्फ बिंदु सिंह के लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

धनबाद की रहने वाली सोनिया

उन्होंने बताया था कि उनका बेटा 20 जून को गिरिडीह जाने की बात कहकर सुबह करीब 11:30 बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने धनबाद की रहने वाली सोनिया नाम की महिला समेत अन्य लोगों पर अपहरण की आशंका जताई थी। शिकायत के आधार पर पीरटांड़ थाना कांड संख्या 22/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर डुमरी SDPO आबिद खान के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और मानव स्रोतों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान प्राथमिकी में नामजद महिला सोनिया कुमारी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लाकर पूछताछ की गई, जबकि देवघर जिले के रहने वाले संदिग्ध चंदन कुमार भोक्ता (32 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

ससुराल पक्ष के लोग इस शादी के खिलाफ

वहीं पूछताछ के दौरान आरोपी चंदन कुमार भोक्ता ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि मृतक शंकर कुमार सिंह उस महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन आरोपी और उसके ससुराल पक्ष के लोग इस शादी के खिलाफ थे। कारण यह था कि संबंधित महिला पहले से विवाहित थी, उसके तीन बच्चे थे और वह अपने पति से अलग रह रही थी। इसी विवाद को खत्म करने के लिए आरोपी ने शंकर कुमार सिंह को धनबाद चलकर महिला से मिलने का झांसा दिया। आरोपी उसे बाइक से धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र स्थित बसहा जंगल ले गया। वहां सुनसान जगह देखकर पहले पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए और फिर गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को जंगल में ठिकाने लगा दिया ताकि किसी को घटना को भनक न लगे।

मृतक का मानव कंकाल बरामद 

इधर,आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से मृतक का मानव कंकाल, हत्या में प्रयुक्त नारंगी रंग का गमछा, मृतक के कपड़े, चप्पल, आरोपी का मोबाइल फोन तथा घटनास्थल के पास से एक चाकू बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर उपजे विवाद ने इस जघन्य हत्याकांड को जन्म दिया। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, पुलिस निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र सिंह बिष्ट तथा तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Tags - Giridih Police Missing Youth Murder Case love affair