रामगढ़
राजधानी रांची के धुर्वा इलाके से 2 जनवरी को लापता हुए दो मासूम बच्चे अंश कुमार राय और अंशिका कुमारी आखिरकार 13 दिन बाद सुरक्षित मिल गए। बुधवार को दोनों बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर प्रखंड क्षेत्र की पहाड़ियों से बरामद किया गया। बच्चों के सुरक्षित मिलने से परिजनों के साथ-साथ पूरे इलाके में राहत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, बच्चों की तलाश को लेकर बजरंग दल रामगढ़ जिला की ओर से लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के तहत संगठन के कार्यकर्ता अलग-अलग प्रखंडों में उन स्थानों पर खोजबीन कर रहे थे, जहां गुलगुलिया और मांग समुदाय के लोग रहते हैं। इसी दौरान चितरपुर क्षेत्र में अहम सुराग मिला।

बजरंग दल की और से बताया गया कि चितरपुर समिति के बजरंगी सचिन प्रजापति, बबलु साहु और सन्नी ने बुधवार को खोजबीन अभियान के दौरान चितरपुर प्रखंड क्षेत्र की पहाड़ियों में तलाश की। अभियान के दौरान दोनों बच्चों को गुलगुलिया दंपति के पास देखा गया। इसके बाद बच्चों को उनके कब्जे से बरामद कर तुरंत रामगढ़ पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर बजरंग दल के युवकों ने दोनों बच्चों और गुलगुलिया दंपति को पुलिस के हवाले कर दिया।
इसके बाद रजरप्पा पुलिस बच्चों और गुलगुलिया दंपति को रामगढ़ पुलिस मुख्यालय ले गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और आगे की विस्तृत जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी जाएगी। गौरतलब है कि बच्चों की जानकारी देने या सुरक्षित बरामदगी में मदद करने वालों के लिए दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी। बच्चों के मिलते ही बजरंग दल की भूमिका को लेकर इलाके में चर्चा तेज है।
