logo

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और दीपिका पांडेय सिंह छप्पन सेट दुर्गा पूजा पंडाल का किया उद्घाटन, 501 महिलाओं ने उतारी मां की आरती

we57n.jpg

द फॉलोअप डेस्क
डोरंडा स्थित छप्पन सेट सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित 63वां दुर्गा पूजा महोत्सव इस वर्ष अत्यंत भव्य रूप में आयोजित किया जा रहा है। पूजा महोत्सव का शुभारंभ झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने संयुक्त रूप से किया। कृषि मंत्री ने पूजा पंडाल का उद्घाटन फीता काटकर किया, जबकि ग्रामीण विकास मंत्री ने मां दुर्गा के पट खोलकर धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत की। मां दुर्गा के पट खुलते ही सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्य महाआरती संपन्न हुई, जिसमें परंपरा के अनुसार 501 महिलाओं ने एक साथ आरती उतारी। आरती के दौरान वातावरण भक्ति रस से सराबोर हो गया।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा, “डोरंडा की छप्पन सेट दुर्गा पूजा सिर्फ धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का प्रतीक है। यहां की महाआरती, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। मैं समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दुबे और उनकी टीम को बधाई देती हूं कि सीमित संसाधनों में भी श्रद्धालुओं के लिए इतना भव्य और दिव्य आयोजन किया गया है।”
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने पूजा की भव्यता की सराहना करते हुए कहा, “छप्पन सेट दुर्गा पूजा महोत्सव हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण है। यहां हर वर्ग और हर पीढ़ी के लोग एक साथ मां दुर्गा की आराधना करते हैं। इस तरह के आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। मैं समिति को इस आयोजन के लिए शुभकामनाएं देती हूं।”

समारोह के दौरान मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दुबे की अगुवाई में गणमान्य अतिथियों का चुनरी ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। बंगाल के कारीगरों के कुशल हाथों से बना भव्य पंडाल और मूर्तिकारों द्वारा निर्मित मां दुर्गा की दिव्य प्रतिमा ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समिति के अध्यक्ष गोपी दुबे ने बताया कि इस वर्ष भी सीमित संसाधनों के बावजूद आस-पास की कई समितियों — 56 सेट, 124 सेट, कुम्हार टोली, लक्ष्मी पाड़ा, भारती कंपाउंड और जैप वन के सहयोग से पूजा का आयोजन किया जा रहा है। सभी पूजा विधियां और अनुष्ठान पंडित उदय चंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हो रहे हैं।

पूजा महोत्सव के दौरान कलश स्थापना से लेकर विजयादशमी तक प्रतिदिन शाम 7:30 बजे महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन और महाआरती का आयोजन होगा। महाआरती में महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में भाग लेकर मां दुर्गा की आराधना करेंगे। इस दौरान बंगाल के पारंपरिक ढ़ाक वादकों की धुन वातावरण को और भी दिव्य बना देगी।

इसके अतिरिक्त, समिति द्वारा बच्चों, महिलाओं और युवाओं के लिए डांडिया नृत्य का आयोजन भी किया जाएगा। डांडिया में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के साथ-साथ समाज के सफाईकर्मी, बिजलीकर्मी जैसे कोरोना वॉरियर्स को भी सम्मानित किया जाएगा। मीडिया प्रभारी मेहुल दुबे ने बताया कि आने वाले दिनों में कई सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे पूजा का उल्लास और भी भव्य रूप लेगा।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। प्रमुख उपस्थित लोगों में कांग्रेस नेता शशिभूषण राय, राजेश सिन्हा सन्नी, छप्पन सेट दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष गौतम कुमार दूबे, सचिव रितेश सिंह, कपिल देव सिंह, मनोज सिंह, शोभा सिंह, गुड़िया सिंह, दिलीप कुमार, अश्विनी कुमार, विजय गुप्ता, दीपक ठाकुर, शशिकांत, मेहुल दुबे, अनिकेत कुमार, नीरज कुमार, अमोल कुमार, दिलीप पांडेय, विवेक सिंह, सन्नी कुमार, गोपाल छेत्री, अभिषेक कुमार, जीवन राणा, तथा रांची महानगर काली पूजा समिति के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह एवं बबलू वर्मा शामिल थे।



 

Tags - latest Ranchi News Ranchi News updates latest kashidih news Ranchi news Updates latest Ranchi news in hindi latest Ranchi news Ranchi news in hindi latest updates Ranchi news