logo

मंत्री का बेटा बना मेडिकल ऑफिसर, “खास” रहकर आम की भीड़ में लिया नियुक्ति पत्र

1635.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कैबिनेट के एक मंत्री के लिए आज का दिन काफी सुखद रहा। क्योंकि मंत्री जी का बेटा आज मेडिकल ऑफिसर बन गया। JPSC के जरिये उनका चयन हुआ है। 172 मेडिकल अफसरों के साथ - साथ उन्हें भी आज के भव्य कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र सौंपा गया। आपको बता दें कि रांची के रिम्स ऑडिटोरियम में आज नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें 173 चिकित्सा पदाधिकारी और 297 आयुष चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। कुछ को तो सांकेतिक तौर पर मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया उसके बाद बाकी सभी को सामूहिक रूप से नियुक्ति पत्र दिया गया।173 मेडिकल ऑफिसरों में एक ख़ास अभ्यर्थी भी था जो आम अभ्यर्थियों की तरह भीड़ का हिस्सा था लेकिन उसके साथी उसे अपने बीच पाकर खुश थे। वह खास अभ्यर्थी था मनोहरपुर की विधायक और मंत्री जोबा मांझी का बेटा धानु मांझी। धानु अपनी काबिलियत के दम पर आज मेडिकल ऑफिसर बन गया। वैसे तो ज्यादातर पॉलिटिशियन के बेटे पॉलिटिक्स में ही आते हैं लेकिन मंत्री जोबा मांझी ने अपने बेटे को इससे दूर रखा। जोबा मांझी पांच बार मनोहरपुर से विधायक रह चुकी हैं और चार बार मंत्री बन चुकी हैं। जोबा मांझी खुद दसवीं तक पढ़ी हैं। नियुक्ति पत्र पाने के बाद धानु मांझी और उनके दोस्त काफी खुश दिखे। वे बोल रहे हैं कि अब पार्टी करेंगे।

गरीब-गुरबा के स्वास्थ्य रक्षा की जिम्मेदारी आपके कंधों पर- हेमंत
रिम्स ऑडिटोरियम सभागार में नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी चिकित्सा पदाधिकारी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी से सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि आपके कंधों पर राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र की बड़ी जिम्मेदारी रहेगी। आज से आप सभी लोग सरकार के अभिन्न अंग के रूप में कार्य करते हुए राज्य में स्वास्थ्य सेवा को और मजबूती प्रदान करेंगे। ग्रामीण क्षेत्र की जनता हो या शहरी क्षेत्र की जनता उनके स्वास्थ्य की रक्षा का जिम्मा अब आपके हाथों पर है। यह आप सभी जानते हैं कि राज्य के सुदूर क्षेत्रों में स्वास्थ्य की क्या स्थिति है, हो सकता है कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान आपके सामने हर दिन हर वक्त कई चुनौतियां आएंगी। इन चुनौतियों का सामना आप कैसे करेंगे यह आप पर निर्भर करेगा। सीएम ने कहा कि पोस्टिंग जहां भी होगी वहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले इसके लिए आप सभी लोग सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।

तकनीकी युग में बढ़ी स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां
सीएम ने कहा कि तकनीकी युग में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं उसी प्रकार स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां भी बढ़ रही हैं। सीएम ने बुधवार को चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र देने के साथ राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) परिसर में नवनिर्मित अकादमी भवन का उद्घाटन एवं कार्डियोलॉजी एवं रेडियोलॉजी विभाग के चार महत्वपूर्ण मशीनों का लोकार्पण भी किया गया। सीएम हेमंत ने कहा कि वैसे तो स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपने-अपने स्तर पर कई संस्थाएं कार्य कर रही हैं, लेकिन झारखंड की बात करें तो यहां 70 से 80% लोग ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं ग्रामीण लोगों को आज भी सरकारी व्यवस्थाओं पर विश्वास है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT