रांची
झारखंड के उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने हाल ही में कुछ समाचार माध्यमों द्वारा प्रकाशित उस ख़बर का कड़ा खंडन किया है जिसमें दावा किया गया था कि राज्य में छात्र संघ का चुनाव "वोटिंग से नहीं" होगा। मंत्री ने इस खबर को "पूरी तरह भ्रामक और असत्य" करार देते हुए स्पष्ट किया है कि छात्र संघ का गठन पूर्णतः लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से ही किया जाएगा।
मंत्री सोनू ने कहा, “कुछ अख़बारों में यह ग़लत ख़बर प्रकाशित की गई है कि ‘वोटिंग से नहीं होगा छात्र संघ का चुनाव’। हम स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि यह पूरी तरह भ्रामक और असत्य है।”
उन्होंने आगे कहा कि झारखण्ड राज्य विश्वविद्यालय विधेयक 2025 के क्रम संख्या 77 में यह साफ-साफ उल्लेख किया गया है कि छात्र संघ के अध्यक्ष, सचिव और अन्य सदस्यों का चयन चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से ही किया जाएगा।
उच्च शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया गया है और राज्य सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष छात्र राजनीति की पक्षधर है।
.jpeg)
राज्य सरकार द्वारा हाल ही में पेश किए गए विश्वविद्यालय विधेयक के बाद से छात्रों और शिक्षकों के बीच छात्र संघ चुनाव को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही थीं। इसी बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि छात्रों को मतदान का अधिकार नहीं मिलेगा, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।
मंत्री के बयान से अब यह स्पष्ट हो गया है कि छात्र संघ चुनाव पूरी तरह से मतदान आधारित होंगे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत ही सम्पन्न किए जाएंगे।
