द फॉलोअप डेस्क
मंत्री रामदास सोरेन ने मंगलवार को भोगनाडीह में हूल दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सिदो-कान्हो को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा, "1855 में आज के ही दिन भोगनाडीह से अमर वीर शहीद सिदो-कान्हो के नेतृत्व में आदिवासियों ने अन्याय, शोषण और ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ बिगुल फूंका था। आज पूरा देश अपने इन महानायकों को नमन कर रहा है। यह प्रेरणा दिवस है। हम सभी अपने अमर शहीद सिदो-कान्हो, चांद-भैरव और फूलो -झानो के इतिहास, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर अपने समाज और राज्य को मजबूत बनाने का संकल्प लें। उनके आदर्शों के अनुरूप झारखंड को संवारना ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी।"
मंत्री ने कहा, "झारखंड वीरों और शहीदों की धरती है। इस प्रदेश के कोने-कोने से अनेकों महानायक निकले हैं, जिन्होंने अन्याय -शोषण तथा गुलामी को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा, सभ्यता और जल, जंगल, जमीन बचाए रखने के लिए लंबा संघर्ष किया। ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ उलगुलान कर अंग्रेजों की जड़े हिला दी। अपने संकल्प पर अडिग रहते हुए शहीद हो गए। इन पूर्वजों के बलिदान का परिणाम है कि आज हम सुरक्षित हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "हमारी सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और योजनाओं से राज्य विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी योजनाएं घर-घर तक पहुंच रही हैं। हमारी सरकार आदिवासियों मूलवासियों, गरीबों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को सशक्त बना रहे हैं। अपनी इन व्यवस्थाओं को मजबूत कर ही हम राज्य को नई दिशा और दशा दे सकते हैं। हमारी सरकार की अनेकों योजनाएं हैं जिसका लाभ यहां के लोगों को मिल रहा है । चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो या स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, सिंचाई, पशुपालन, उद्योग,खेल या और कोई सेक्टर हर किसी के लिए योजनाएं हैं आप इन योजनाओं से जुड़े और अपने को सशक्त बनाने के साथ राज्य के विकास में भागीदार बनें।"
इस अवसर पर मंत्री एवं अन्य अतिथियों द्वारा मुख्य मंच पर सिदो-कान्हो के वंशजों मंडल मुर्मू, भादो मुर्मू, छोटू मुर्मू ,ऐन्जेला किस्कू, सोनामुनी सोरेन, भागवत मुर्मू, प्रधान मुर्मू एवं अन्य को उपहार देकर सम्मानित किया। इसके पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक ने पंचकठिया स्थित शहीद स्थल एवं भोगनाडीह पार्क में सिदो-कान्हो को श्रद्धांजलि अर्पित किया।
इस अवसर पर सांसद,राजमहल विजय कुमार हांसदा, माननीय बोरियो धनंजय सोरेन, विधायक राजमहल मोहम्मद ताजुद्दीन, जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू, उपायुक्त हेमंत सती, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।
