द फॉलोअप, महागामा
महागामा विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की स्थिति जानने के लिए मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर समीक्षा बैठक की। उन्होंने मेहरमा प्रखंड के पंचायत सचिवालय अमौर, ठाकुरगंगटी प्रखंड कांग्रेस कार्यालय और महागामा के ऊर्जा नगर में बीएलए और बीएलओ के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की जानकारी ली।

योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो
बैठक में मंत्री ने बूथ स्तर पर हो रहे कार्यों और मतदाता सूची से जुड़े मामलों और सामने आ रही समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक का वोट महत्वपूर्ण है। इसलिए यह जिम्मेदारी है कि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो और किसी भी व्यक्ति का नाम बिना उचित कारण के सूची से नहीं हटे।
दीपिका पाण्डेय सिंह ने बीएलए और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी सतर्कता और निष्पक्षता के साथ अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि महागामा विधानसभा क्षेत्र में SIR अभियान बेहतर तरीके से आगे बढ़ रहा है, जिसे आगे भी इसी तरह बनाए रखने के लिए सभी के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।

बीएलए बूथ स्तर के प्रतिनिधि सूची की अच्छी तरह जांच करें
बैठक के दौरान बीएलए ने अभियान से जुड़ी परेशानियों और चुनौतियों की जानकारी मंत्री को दी। मंत्री ने कहा कि जाति प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों को लेकर लोगों को सहयोग दिया जाए ताकि दस्तावेजों की कमी के कारण किसी योग्य मतदाता को परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची जारी होने के बाद सभी बूथ स्तर के प्रतिनिधि सूची की अच्छी तरह जांच करें। अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूट गया है या कोई गलती सामने आती है तो समय पर उसका समाधान कराया जाए।