logo

महागामा में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक, SIR को लेकर दिए दिशा-निर्देश

DDD.jpg

द फॉलोअप डेस्क, महागामा 
झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने प्रखंड कांग्रेस कार्यालय, महागामा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के साथ आमजनों और कार्यकर्ताओं से प्राप्त समस्याओं को भी सुना गया।

बैठक के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत जारी नोटिस और मतदाता सूची से जुड़े मामलों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को SIR के तहत नोटिस जारी किया गया है, उनके मामलों में पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ सहयोग किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे।

पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे 
मंत्री दीपिका ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा करना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर लोगों को SIR और मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे और कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न हो। इसके लिए जरूरतमंद लोगों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

बैठक में संगठन की मजबूती क्षेत्र की जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर समन्वय स्थापित कर प्रभावी पहल की जाए।

Tags - Deepika Pandey SinghCongress JharkhandMahagamaSIR 2026Voter List Revision