logo

चाईबासा में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मंत्री दीपक बिरुवा करेंगे झंडातोलन

chaibasa8.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चाईबासा के जिला पुलिस लाइन केंद्र में आयोजित होने वाले राजकीय समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। इस आयोजन में राज्य के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग (निबंधन रहित) और परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा के द्वारा पूर्वाह्न 9:05 बजे ध्वजारोहण किया जायेगा। जिले भर में अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी ध्वजारोहण का कार्यक्रम निर्धारित है। सुबह 10:10 बजे सिंहभूम प्रमंडल आयुक्त कार्यालय में कोल्हान के डीआईजी झंडा फहराएंगे।
इसी समय जिला परिषद कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय-सदर चाईबासा और भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यालय में भी ध्वजारोहण होगा। इसके बाद, सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर जिला समाहरणालय में जिले के उपायुक्त (डीसी) द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व दिवस 14 अगस्त 2025 को पूर्वाह्न 7:30 बजे से जिला समाहरणालय परिसर से घंटाघर चौक तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा का आयोजन भी किया जायेगा।

इसे लेकर आज मुख्य कार्यक्रम स्थल पुलिस केंद्र चाईबासा में डीसी चंदन कुमार के नेतृत्व तथा एसपी राकेश रंजन की मौजूदगी में मुख्य समारोह के दौरान होने वाले परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य कार्यक्रम को लेकर निर्धारित समयानुसार मंच पर सर्वप्रथम एसपी तदुपरांत डीसी के आगमन पश्चात परेड में शामिल प्लाटून के द्वारा द्वय पदाधिकारियों को सलामी दिया गया। सलामी उपरांत डीसी एवं एसपी द्वारा परेड का निरीक्षण तथा उपायुक्त के द्वारा ध्वजारोहण किया गया।

इस दौरान नागरिक का ऑनलाइन माध्यम से चाईबासा में आयोजित मुख्य समारोह में भाग लेने को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से PRD CHAIBASA @prdchaibasa7432 यूट्यूब चैनल के माध्यम से राजकीय समारोह का सजीव प्रसारण भी किया जायेगा। समारोह से लाईव जुड़ने के लिए लिंक https://youtube.com/@prdchaibasa7432?si=QLcWdZdRbJW289nJ पर विजिट कर सकते हैं।

उक्त राजकीय समारोह में परेड कमांडर- परिचारी प्रवर मंशु गोप के नेतृत्व में केंद्रीय रिजर्व बल 1 दल, जिला सशस्त्र पुलिस 2 दल, सहायक पुलिस बल 2 दल (महिला-पुरुष), गृह रक्षक 2 दल, एनसीसी- टाटा कॉलेज/मांगी लाल रुंगटा उच्च विद्यालय, स्काउट एंड गाइड-चाईबासा की कुल 10 प्लाटून तथा संत जेवियर उच्च विद्यालय-लुपंगुटू की बैंड पार्टी परेड में शामिल हैं।

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jharkhand khabar independence day 15 august chaibasa chaibasa news