द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला के दौरे पर आए झारखंड सरकार के अनुसूचित जनजाति,जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री चमरा लिंडा गुमला जिला अंतर्गत बसिया प्रखण्ड स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में पौधारोपण एवं साईकिल वितरण कार्यक्रम में पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "गुमला जिले ने खेल के क्षेत्र में झारखंड राज्य का नाम नेशनल एवं इंटरनेशनल लेवल पर रोशन किया है और यह उपलब्धि न केवल जिले के लोगों के लिए गर्व की बात है बल्कि यह झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिष्ठा दिलाने में सहायक रही है। जितना आप खेलेंगे, उतना ही आपका बुद्धिमत्ता स्तर बढ़ेगा, क्योंकि खेल बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक होते हैं। स्कूल में खेल के मैदान नहीं होने पर उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां खेल के मैदान बनाए जाने की योजना है।"
उन्होंने कहा कि दसवीं और बारहवीं के बाद सरकार बच्चों के लिए कोचिंग व्यवस्था शुरू करने जा रही है और अगस्त माह से रांची में कोचिंग की शुरुआत हो जाएगी। जिससे बच्चे उच्च और उत्तम शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ भी संवाद स्थापित किया और उन्हें अच्छे से शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बच्चों से कहा, "पढाई की ओर रुचि दिखाएं और मेहनत करें। जबतक आप पढ़ाई के लिए मेहनत एवं परिश्रम नहीं करेंगे तब तक आपको सफलता प्राप्त नहीं होगी। इसलिए मन लगाकर पढ़ाई करें और एक सफल कामयाब व्यक्ति बनें। सरकार पढनेवाले छात्रों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के लिए तत्पर है। ताकि हर बच्चा शिक्षा की ओर आकर्षित हो और अपने भविष्य को उज्जवल बना सके।" उन्होंने शिक्षकों को विशेष रूप से कहा कि आप शिक्षक हीं विद्यालय की नींव हैं। शिक्षक के मेहनत से ही एक बेहतर विधार्थी तैयार होता है।
पौधारोपण कार्यक्रम के अयोजन पर उन्होंने कहा, "वृक्ष जीवन का आधार हैं और पेड़ लगाना अत्यंत आवश्यक है। पुरातन काल से कुछ वृक्ष हमारे लिए पूजनीय रहे हैं। पेड़ों से हमें ऑक्सीजन प्राप्त होती है, और वृक्ष का हमारे जीवन में अत्यधिक महत्व है। उन्होंने बताया कि आज से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन आरंभ हो रहा है। हर जिले में पौधारोपण किया जायेगा। साईकिल वितरण कार्यक्रम के बारे में उन्होंने कहा कि बच्चों का स्कूल ड्रॉप आउट रोकने के उद्देश्य सरकार साईकिल वितरण कर रही है। ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित ना हो। "
इस दौरान विभागीय सचिव कृपानंद झा ने कहा, "राज्य के सभी आवासीय विद्यालयों में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। झारखंड राज्य प्रकृति से भरपुर है। उन्होंने स्कूल की प्रशंसा करते हुए सभी शिक्षक एवं छात्रों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करना हमारा मुख्य उद्देश्य है।"
सिसई विधायक जिगा सुसारन होरो ने कहा कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की प्रसंशा करते हुए कहा कि यहाँ के बच्चे अनुशासन में हैं एवं हर क्षेत्र में दक्ष हैं। उन्होंने बच्चों को बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने जीवन में आगे बढ़ने की सलाह दी।
कार्यक्रम में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा, "बरसात के मौसम में पौधारोपण अवश्य करें। उन्होंने कहा कि जब भी वृक्ष लगाएं, तो हमेशा स्थानीय और देशी पौधों का चयन करें, जैसे कल्पतरु और नीम। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करें। शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे हम अपने जीवन की दिशा को सकारात्मक रूप से बदल सकते हैं।" साथ ही उन्होंने एकलव्य आवासीय विद्यालय में अस्पताल निर्माण एवं हॉस्टल में विद्युत आपूर्ति शीघ्र सुनिश्चित करने की बात कही।
इस कार्यक्रम के दौरान उपविकास आयुक्त दिलेश्वर् महतो, अनुमंडल पदाधिकारी ,जिला कल्याण पदाधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, सभी शिक्षकगण, स्कूली छात्र छात्राएं एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
