logo

जामताड़ा : भीषण गर्मी में NH-419 पर जाम से बेहाल मिहिजाम, स्टेशन से हिलरोड तक रेंग रहे वाहन

mahijan_mahajam.jpg

जामताड़ा
नगर परिषद मिहिजाम से होकर गुजरने वाला NH-419 इन दिनों गंभीर ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा है. भीषण गर्मी और 41 डिग्री तापमान के बीच यह मार्ग राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है. चित्तरंजन रेलवे स्टेशन से लेकर हिलरोड मोड़ तक दिनभर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. दोपहर और शाम के समय स्थिति और भी अधिक खराब हो जाती है. स्थानीय लोगों के अनुसार यह समस्या अब आम हो गई है. मिहिजाम बाजार क्षेत्र में संकरी सड़क, फुटपाथ का अभाव और अव्यवस्थित पार्किंग इसके प्रमुख कारण हैं. एक ओर रेलवे की ऊंची दीवार है, तो दूसरी ओर बाजार होने के कारण सड़क पर लगातार भीड़ बनी रहती है, जिससे यातायात बाधित होता है.
एंबुलेंस और स्कूल बस भी जाम में फंस जाती हैं
अतिक्रमण और सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है. स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई व्यवस्थित पार्किंग स्थल या नो-पार्किंग जोन तय नहीं किया गया है, जिससे समस्या लगातार बढ़ रही है. त्योहारों और साप्ताहिक हाट के दिनों में भीड़ कई गुना बढ़ जाती है, जिससे जाम की स्थिति और अधिक विकराल हो जाती है. मंगलवार और शनिवार को लगने वाली हाट के दौरान इस मार्ग से गुजरना मुश्किल हो जाता है. स्थानीय लोगों ने बताया कि छोटे से सफर में घंटों लग जाते हैं और कई बार एंबुलेंस व स्कूल बसें भी जाम में फंस जाती हैं. उन्होंने जिला प्रशासन से ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है.

Tags - Mihijam Traffic Jam NH-419 Traffic Problem Jamtara Road Congestion Chittaranjan Station Traffic Mihijam Market Traffic Jam