logo

जमशेदपुर :  MGM के जूनियर डॉक्टर सक्षम और समीर की मौत पर परिजनों ने उठाए सवाल, हत्या की आशंका; निष्पक्ष जांच की मांग

MGM_jamshedpur.jpg

जमशेदपुर

जमशेदपुर के डिमना लेक स्थित डेंजर जोन तालाब में MGM मेडिकल कॉलेज के दो जूनियर डॉक्टरों की मौत का मामला अब नया मोड़ लेता दिख रहा है। मृतक डॉक्टरों के परिजनों ने इस घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जतायी है। दोनों के परिवारों ने बोड़ाम थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की हत्या के एंगल से जांच करने और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। पलामू के तरहसी निवासी डॉ. सक्षम सिंह के पिता सत्येंद्र कुमार सिंह शनिवार को बोड़ाम थाना पहुंचे और पुलिस को आवेदन सौंपा। इस दौरान मृतक डॉ. समीर लाल के पिता अजय लाल समेत दोनों डॉक्टरों के परिजन भी मौजूद थे। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष, गहन और वैज्ञानिक तरीके से जांच की मांग की है।

डॉ. यश के बयान पर उठ रहे सवाल
सत्येंद्र कुमार सिंह ने अपने आवेदन में डॉ. यश के बयानों पर सवाल खड़े किये हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. यश लगातार अपने बयान बदल रहा है। शुरुआत में उसने बताया था कि सक्षम का मोबाइल तालाब में गिर गया था और उसे निकालने के दौरान दोनों डॉक्टर डूब गये। लेकिन जब सक्षम का शव बरामद हुआ तो मोबाइल उसकी जेब में मिला। इससे घटना को लेकर संदेह पैदा होता है। परिजनों का आरोप है कि डॉ. यश का डॉ. सक्षम और डॉ. समीर के साथ पहले भी विवाद हो चुका था। उन्होंने आशंका जतायी है कि इसी विवाद के कारण किसी साजिश के तहत दोनों की जान ली गयी हो सकती है। पुलिस को दिये आवेदन में परिजनों ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की मांग की है। इसमें मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), लोकेशन, आपसी बातचीत और संदेशों की जांच, घटनास्थल के भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विसरा जांच और एफएसएल रिपोर्ट को शामिल करने की मांग की गयी है।
परिजनों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी निर्दोष को फंसाना नहीं, बल्कि अपने बेटों की मौत की वास्तविक वजह सामने लाना है। उन्होंने कहा कि अगर जांच में किसी व्यक्ति की संलिप्तता या लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

क्या है पूरा मामला
शुक्रवार तड़के जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक के पास बने तालाब में MGM मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर डॉ. सक्षम सिंह और डॉ. समीर लाल की डूबने से मौत हो गयी थी। दोनों अपने साथी जूनियर डॉक्टर डॉ. यश के साथ डिमना डैम गये थे। डॉ. यश के अनुसार, तालाब में सक्षम का मोबाइल गिर गया था। उसे निकालने के दौरान सक्षम पानी में उतर गया और उसे बचाने के प्रयास में समीर भी डूब गया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। डॉ. यश से पूछताछ की जा रही है और पुलिस घटना के हर पहलू की जांच में जुटी है।

Tags - MGM Hospital Junior Doctors Death Saksham Sameer Case Murder Suspicion Impartial Investigation