logo

MGM अस्पताल पर सख्त हुए आयुक्त, 31 मार्च तक ऑक्सीजन प्लांट चालू करने का अल्टीमेटम

MGM1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

कोल्हान आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने डिमना स्थित MGM अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति को करीब से देखा। निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रबंधन के साथ हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी और तय समय सीमा में सुधार दिखना चाहिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने ओपीडी में पंजीकरण व्यवस्था, रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों की उपस्थिति, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर फीडबैक लिया और कई बिंदुओं पर खामियां सामने आने पर प्रबंधन को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिये। बैठक में सबसे अहम फोकस अस्पताल की ऑक्सीजन व्यवस्था पर रहा। आयुक्त ने तरल चिकित्सा ऑक्सीजन (LMO) और PSA प्लांट को 31 मार्च तक हर हाल में चालू करने का निर्देश दिया, ताकि वार्ड और ICU तक निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। साथ ही खराब पड़े एम्बुलेंस को जल्द मरम्मत कर उपयोग में लाने, सभी ICU को पूर्ण रूप से संचालित करने और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लंबित मामलों को समय पर निष्पादित करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने वरिष्ठ चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, ओपीडी सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने को भी प्राथमिकता में रखने को कहा। मरीजों की सुविधा के लिए अप्रैल तक अमृत फार्मेसी और जन औषधि केंद्र शुरू करने तथा आयुष्मान भारत योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिये। वहीं अस्पताल में पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने मानगो नगर निगम को 20 अप्रैल तक इसका समाधान सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट के नियमानुसार निष्पादन, पैथोलॉजी जांच व्यवस्था में सुधार और अनटाइड फंड के उपयोग की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रबंधन को सभी व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार लाने का निर्देश दिया। औचक निरीक्षण के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा और डॉ. जुझार माझी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Tags - kolhan commissioner raviranjan kumar vikram mgm hospital dimna jamshedpur hospital inspection health services review opd registration system doctor attendance roster hospital cleanliness patient facilities