रांची/चेन्नई
चेन्नई के समुद्र तट पर रविवार को मर्चेंट नेवी की ट्रेनिंग पर गए तीन युवकों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। छुट्टी के दौरान समुद्र में नहाने उतरे तीनों प्रशिक्षु तेज लहरों की चपेट में आकर गहरे पानी में चले गए। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि रांची के युवक समेत दो अन्य अब भी लापता हैं।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक Academy of Maritime Education and Training (AMET), चेन्नई में प्रशिक्षण ले रहे थे। रविवार को अवकाश मिलने पर वे समुद्र तट घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान नहाने के क्रम में समुद्र की तेज लहरों ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना को देखकर तट पर मौजूद लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें तमिलनाडु निवासी मुकेश का शव बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
वहीं, रांची के तुपुदाना निवासी 20 वर्षीय रितेश प्रजापति और मुंबई निवासी नवल का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। दोनों की तलाश के लिए चेन्नई पुलिस, गोताखोर और अन्य एजेंसियां समुद्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
.jpeg)
रितेश प्रजापति के परिजनों को मर्चेंट नेवी की ओर से घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार के सदस्य चेन्नई के लिए रवाना हो चुके हैं। घटना की खबर से रांची के तुपुदाना इलाके में शोक का माहौल है। बताया जाता है कि रितेश पढ़ाई में होनहार था और मर्चेंट नेवी में करियर बनाने का सपना लेकर प्रशिक्षण के लिए चेन्नई गया था। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
.jpg)