द फॉलोअप डेस्क
रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह मर्सिडीज कार और बुलेट बाइक के बीच हुई टक्कर का मामला मंगलवार को दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। देर रात करीब 11 बजे दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ वाहन से धक्का मारने की प्राथमिकी दर्ज कराई। घटना मंगलवार सुबह करीब 10:15 बजे मछली घर, देवेंद्र माझी चौक के पास हुई। जानकारी के अनुसार, मर्सिडीज कार (जेएच-01एफएम) चला रहे मनोज टंडन, जो हाईकोर्ट के अधिवक्ता और पूर्व अपर महाधिवक्ता रह चुके हैं, की गाड़ी की टक्कर बुलेट बाइक से हो गई। बुलेट पर हिंदपीढ़ी निवासी युवक मवाज खान सवार था।

बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो दूसरे पक्ष से युवक मवाज ने अपने मोबाइल से बनाया, जो दिनभर सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिवक्ता मनोज टंडन ने बताया कि वह हाईकोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान बुलेट सवार युवक ने ओवरटेक किया। उनके अनुसार, कार का बायां अगला हिस्सा बाइक से सट गया। इसके बाद युवक ने पैसे की मांग की और कार के सामने अड़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक बोनट पर चढ़ गया और भीड़ इकट्ठा हो गई। अपनी सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने वाहन आगे बढ़ाया, लेकिन युवक बोनट से नहीं उतरा। बाद में पुलिस ने सुरक्षा कारणों से उन्हें थाने ले जाया गया।
.jpeg)
मामला डोरंडा थाना पहुंचा, जहां दिनभर दोनों पक्षों के बीच सुलह की कोशिश होती रही। हालांकि देर रात दोनों ने एक-दूसरे पर वाहन से धक्का मारने और अन्य आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करा दी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।