logo

मानसिक तनाव से जूझ रहे एक युवक ने की आत्महत्या, रांची से चल रहा था इलाज

dhanbad_boy.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरलीनगर इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ 19 वर्षीय युवक अमित कुमार खेत्रोपाल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन के अनुसार अमित पिछले कुछ वर्षों से मानसिक तनाव से जूझ रहा था और उसका इलाज रांची में चल रहा था। परिजनों के अनुसार वह करीब पांच वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका नियमित इलाज कराया जा रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में कोई नहीं था और वह कमरे में अकेला था। इसी दौरान उसने गमछे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।

सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो मकान मालिक को शक हुआ। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा गया तो युवक फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। तुरंत इसकी सूचना परिजनों और सरायढेला थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया। वहीं परिजनों ने बताया कि खेत्रोपाल परिवार पिछले 18-19 वर्षों से धनबाद में रह रहा है। युवक के अचानक इस कदम से परिवार के लोग सदमे में हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Tags - Suicide Dhanbad Saraidhela Police Station Murli Nagar Amit Kumar Khetropal 19-year-old youth Hanging suicide Jharkhand news Mental stress Mental illness Ranchi treatment Family tragedy Local incident Youth suicide case