नंदलाल तुरी
पाकुड़ परिसदन सभागार में आज झारखंड विधानसभा की अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति की बैठक विधायक स्टीफन मरांडी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विधायक सुरेश कुमार बैठा और डॉ. लुईस मरांडी की भी उपस्थिति रही। बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, पंचायत, परिवहन, समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, उद्योग, कृषि, पशुपालन, खनन, भूमि संरक्षण, लघु सिंचाई, खेल, पर्यटन, श्रम, नियोजन, और अन्य विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों को न्याय और विकास से जोड़ने के लिए समुचित कदम उठाएं। बैठक में विभिन्न विभागों के समर्पित प्रतिवेदनों की समीक्षा करते हुए सभापति ने कार्यों में तेजी लाने, योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध रूप से पूरा करने का निर्देश दिया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, महेशपुर एसडीपीओ सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
