logo

मेदिनीनगर में आवारा कुत्ते का आतंक, आधे घंटे में 10 बच्चों पर हमला

सोीो2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में रविवार शाम एक आवारा कुत्ते के हमले से दहशत फैल गई। गांधी मैदान और नई मोहल्ला इलाके में एक आक्रामक कुत्ते ने महज आधे घंटे के भीतर 10 मासूम बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल बच्चों को इलाज के लिए एमआरएमसीएच अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। घटना के बाद एक के बाद एक घायल बच्चों के अस्पताल पहुंचने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चिकित्सकों ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें एंटी-रेबीज़ वैक्सीन समेत आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई। डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।


स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर लगाए लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद नगर निगम की ओर से उन्हें पकड़ने या नियंत्रण करने के लिए कोई प्रभावी अभियान नहीं चलाया गया। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण ही यह घटना हुई है। कुत्ते के हमले के बाद इलाके में भय का माहौल है और अभिभावक बच्चों को घर से बाहर भेजने से भी डर रहे हैं।


विशेष अभियान चलाने की उठी मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने और ऐसी घटनाओं की दोबारा रोकने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से आवारा कुत्तों के नियंत्रण को लेकर किसी विशेष अभियान की तैयारी नहीं की गई है। 

Tags - Medininagar Palamu Stray Dog Children Jharkhand