logo

मेदिनीनगर में आवारा कुत्तों का आतंक, आधे घंटे के भीतर 10 बच्चों पर किया हमला

dog_attack.jpg

मेदिनीनगर 

मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में रविवार शाम आवारा कुत्ते के हमले से दहशत फैल गई। गांधी मैदान और नई मोहल्ला इलाके में एक खूंखार आवारा कुत्ते ने महज आधे घंटे के भीतर 10 मासूम बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजन आनन-फानन में बच्चों को इलाज के लिए एमआरएमसीएच अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में घायल बच्चों के लगातार पहुंचने से चर्चाये तेज हो गयी। चिकित्सकों ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया तथा एंटी-रेबीज़ वैक्सीन सहित आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल बच्चों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक मचा हुआ है।

बच्चों को घर से बाहर भेजने में डर

कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद नगर निगम की ओर से उन्हें पकड़ने या नियंत्रण करने के लिए कोई प्रभावी अभियान नहीं चलाया गया। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह घटना हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्ते के हमले के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। अभिभावक अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर महसूस कर रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से आवारा कुत्तों के नियंत्रण को लेकर किसी विशेष अभियान की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। पूरे शहर की नजर अब नगर निगम की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Tags - Medininagar Municipal Corporation Strict dog attack on child palamu police