द फॉलोअप डेस्क
रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) प्रशासन ने मीडिया कर्मियों के प्रवेश को लेकर नया निर्देश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार अब रिम्स परिसर में बिना पूर्व अनुमति किसी भी मीडिया प्रतिनिधि को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। रिम्स प्रशासन की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके लिए सक्षम प्राधिकारी, यानी निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक या अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक की पूर्व स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा।
बिना अनुमति किसी भी तरह की कवरेज पर रोक
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय अस्पताल के सुचारू संचालन, मरीजों की गोपनीयता और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सभी संबंधित पक्षों से इन निर्देशों का पालन करने और प्रशासन को सहयोग देने की अपील की गई है। रिम्स प्रशासन के इस फैसले के बाद मीडिया कर्मियों के बीच चर्चा शुरू हो गई है।
वहीं प्रशासन का कहना है कि अस्पताल में इलाजरत मरीजों की निजता और व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है, इसलिए बिना अनुमति किसी भी तरह की कवरेज पर रोक लगाई गई है। अब रिम्स में रिपोर्टिंग या किसी भी प्रकार की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए संबंधित अधिकारियों से पूर्व अनुमति लेना आवश्यक होगा।