logo

मैक्लुस्कीगंज के इस गांव में 22 अक्टूबर को लगेगा भूत मेला, क्या होगा खास!

मैक्लुस्कीगंज के इस गांव में 22 अक्टूबर को लगेगा भूत मेला, क्या होगा खास!

द फॉलोअप डेस्क:

Bhoot Mela: झारखंड (Jharkhand) के मैक्लुस्कीगंज (McCluskieganj) क्षेत्र के हेसालौंग गांव में ऐतिहासिक भूत मेला (Ghost Fair) इस बार 22 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। मेले की तारीख को लेकर बना असमंजस अब दूर हो गया है। ग्रामीणों और मेला समिति ने आपसी विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से आयोजन की तारीख तय की है। इसके बाद मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। दशहरा के बाद एकादशी के आसपास लगने वाला यह मेला वर्षों पुरानी लोक-परंपरा, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसमें शामिल होने के लिए हेसालौंग, खलारी कोयलांचल समेत आसपास के क्षेत्रों और दूसरे जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।

आस्था के साथ व्यापार और मेल-मिलाप का केंद्र

भूत मेला केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय व्यापार और सामाजिक मेल-मिलाप का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। मेले में खिलौने, मिठाइयां, श्रृंगार सामग्री, दैनिक उपयोग की वस्तुओं और पारंपरिक खान-पान की दुकानें सजती हैं। इससे स्थानीय दुकानदारों और कारोबारियों को व्यापार का अवसर मिलता है। वहीं, आसपास के गांवों से आने वाले लोगों के बीच आपसी मेल-जोल बढ़ता है और क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है। मैक्लुस्कीगंज अपनी ऐतिहासिक पहचान के लिए भी प्रसिद्ध है। 1930 के दशक में एर्न्स्ट टिमोथी मैक्लुस्की ने एंग्लो-इंडियन समुदाय के लिए यहां बसावट विकसित की थी। पुराने औपनिवेशिक शैली के बंगले, प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक विरासत के कारण इस क्षेत्र को मिनी लंदन या लिटिल इंग्लैंड भी कहा जाता है। निर्देशक कोंकणा सेन शर्मा की फिल्म ‘ए डेथ इन द गंज’ की शूटिंग भी यहां हुई थी।

मेले को भव्य बनाने में जुटे ग्रामीण

ऐतिहासिक भूत मेले को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए ग्रामीणों और मेला समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। समिति ने क्षेत्र के नागरिकों, प्रबुद्ध लोगों और आसपास के गांवों के निवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। मेले की तैयारियों में कुलदीप साहू, अनिल प्रसाद साहू, मनोज प्रसाद साहू, शिवदेव प्रसाद साहू, पंकज प्रसाद साहू, महेश प्रसाद साहू, संजय प्रसाद साहू, राजू प्रसाद साहू, सूरज प्रसाद साहू और विवेक साहू समेत कई ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार भी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचेंगे।

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News McCluskieganj Bhoot Mela 2026 McCluskieganj Ghost Fair