logo

स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से नहीं बढ़ी SNMMCH में MBBS की सीटें

SNMMCH.jpg

द फॉलोअप, रांची
स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही के कारण शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इस बार MBBS की सीटें नहीं बढ़ सकी। स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव को नेशनल मेडिकल कॉउंसिल (NMC) ने सिरे से खारिज कर दिया है। एनएमसी ने स्वास्थ्य विभाग को स्पष्ट किया है कि फैकल्टी नहीं होने के कारण MBBS की सीटें बढ़ाने की स्वीकृति नहीं दी जा सकती। इस तरह SNMMCH में एमबीबीएस की 50 सीटें इस बार से नहीं बढ़ सकी। मालूम हो कि SNMMCH में फिलहाल एमबीबीएस की 100 सीटें हैं, जिस पर छात्रों का नामांकन होता है। स्वास्थ्य विभाग ने यहां एमबीबीएस की 100 सीटों को बढ़ा कर 150 करने का प्रस्ताव एनएमसी को दिया था।


सिविल सर्जन और बड़ा बाबू की बड़ी लापरवाही
आधिकारिक जानकारी के अनुसार एमबीबीएस की सीटें बढ़ाने के लिए किसी भी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में फैकल्टी का दुरुस्त होना आवश्यक है। मतलब मेडिकल कॉलेज के हर विभाग में NMC के निर्धारित अनुपात के अनुसार प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर और सीनियर रेजिडेंट उपलब्ध होने चाहिए। शैक्षणिक पदों पर उपयुक्त संख्या आवश्यक होता है। ताकि नामांकन लेने वाले छात्रों को पढ़ाई में किसी तरह की परेशानी नहीं हो। जानकारी के अनुसार पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग ने असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के पद पर प्रोन्नति के लिए आवेदन आमंत्रित किया था। धनबाद सिविल सर्जन कार्यालय में योग्य चिकित्सकों द्वारा आवेदन जमा किया गया। लेकिन सिविल सर्जन और वहां के बड़ा बाबू की लापरवाही की वजह से चिकित्सकों द्वारा जमा किए गए आवेदन को भेजा ही नहीं गया। इस कारण SNMMCH में फैकल्टी पूरी ही नहीं हो पायी। 

Tags - Jharkhand SNMMCH MBBS seats not increased NMC