logo

जमशेदपुर में नकाबपोश बदमाशों ने युवक पर किया जानलेवा हमला, हॉकी-रॉड और बेसबॉल बैट से पीटा

a3916.jpg

जमशेदपुर:

जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह ओपी क्षेत्र में सोमवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। ब्रदर चाप के पास करीब दर्जनभर युवकों ने शर्मा लाइन निवासी राहुल शर्मा को घेर लिया और हॉकी, बेसबॉल बैट, रॉड और सॉस की बोतल से बेरहमी से उसकी पिटाई की। हमलावरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे को कपड़े से ढक रखा था, जबकि कुछ ने हेलमेट भी पहन रखा था। हमले में राहुल के हाथ, पैर, चेहरे और माथे पर गंभीर चोटें आयी हैं। घटना के बाद दोस्तों ने उसे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मारपीट के दौरान फायरिंग का भी लगा आरोप
घटना के बाद घायल युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान बदमाशों ने राहुल पर पिस्तौल से फायरिंग भी की। गोली मिस फायर होने के कारण राहुल बाल-बाल बच गया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है।

दोस्त का फोन आया और घर से निकल गया राहुल
राहुल की मां के अनुसार, उनका बेटा सोमवार सुबह से घर पर ही था। शाम करीब सवा सात बजे उसके एक दोस्त का फोन आया, जिसके बाद राहुल घर से निकल गया। करीब 15 मिनट बाद ही उसके दोस्त अमन और हरिओम ने फोन कर बताया कि कुछ युवकों ने राहुल को घेरकर हमला कर दिया है। वे उसे लेकर एमजीएम अस्पताल जा रहे हैं। सूचना मिलते ही परिजन राहुल को देखने एमजीएम अस्पताल पहुंचे। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। 

राहुल की मां के अनुसार, हमलावरों ने राहुल को हॉकी, बेसबैट और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा। उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें हैं और इलाज के दौरान कई जगह टांके भी लगे हैं। इसी दौरान हमले में राहुल पर फायरिंग किये जाने का भी आरोप उन्होंने लगाया है।

3 महीने पहले भी घर में घुसे थे बदमाश
राहुल की मां ने बताया कि उनके बेटे को निशाना बनाने की यह पहली कोशिश नहीं है। 3 महीने पहले भी 25 से 30 युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर राहुल को मारने उसके घर तक पहुंच गये थे। उस समय वह घर के आसपास मौजूद थी, जिसके कारण युवक राहुल पर हमला नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि उस दिन अगर वह मौके पर मौजूद नहीं होतीं तो बदमाश उनके बेटे को उसी समय जान से मार देते।

पुराने विवाद को लेकर हमले का आरोप
राहुल की मां ने हमले में सीतेश सिंह, ओम गुप्ता, दीपक मिश्रा और चंदन सिंह समेत अन्य युवकों के शामिल होने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, पूर्व में अमन और अनीश नामक युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें युवकों ने उनके बेटे को टारगेट किया था। उस समय घर में शादी का माहौल होने के कारण परिवार ने मामले को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया था। लेकिन, विवाद इस स्तर तक पहुंच जायेगा, इसका अंदाजा नहीं था।

फिलहाल पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस हमले में शामिल युवकों की पहचान, पुराने विवाद और फायरिंग के आरोप की भी जांच कर रही है।

Tags - Jharkhand NewsJamshedpur PoliceCrime NewsThreatening Attack