logo

दहेज का दंश : संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, अस्पताल में शव छोड़कर भागे ससुराल वाले

GIRIDIH.jpg

गिरिडीह: 

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान रूबी देवी के रूप में हुई है। विंडबना देखिये कि ससुराल वाले रूबी के शव को हॉस्पिटल में छोड़कर भाग गये। मामला गिरिडीह जिला के पचंबा थानाक्षेत्र अंतर्गत हंडाडीह का है। रूबी मूलरूप से देवघर की रहने वाली थी। उसकी शादी गिरिडीह के हंडडीहा निवासी विकास के साथ हुई थी। मायके वालों ने रूबी के ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। कहा जा रहा है कि रूबी को प्रताड़ित किया जाता था। 

अस्पताल में ही पड़ा था रूबी का शव
रूबी की मौत की जानकारी परिवार वालों को गुरुवार की ही मिल चुकी थी। जब परिजन पचंबा थाना पहुंचे तो जानकारी मिली कि उसका शव अस्पताल में ही पड़ा है। रूबी के पिता नकुल पांडे और चाचा रविशंकर ने आरोप लगाया है कि पति विकास ने अपने घऱवालों के साथ मिलकर रूबी की हत्या की है। आरोप लगाया है कि रूबी को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पिता और चाचा ने बताया कि ससुराल वाले रूबी से 4 पहिया वाहन लाने की मांग कर रहे थे। 

दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था
पिता और चाचा ने आरोप लगाया है कि रूबी को हंडाडीह स्थित ससुराल में घंटों शौचालय में बंद कर दिया जाता था। उसे किसी से मिलने नहीं दिया जाता था। गुरुवार की शाम को उन्हें रूबी की मौत की सूचना मिली। परिजनों का आरोप है कि मौत की खबर मिलते ही उन्होंने पंचबा थाने को मामले की जानकारी दी, बावजूद इसके किसी को हिरासत में नहीं लिया गया। फिलहाल, रूबी का पति विकास और बाकी सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। 

मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
फिलहाल परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रूबी के पति सहित बाकी ससुराल वालों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही जांच आगे बढ़ेगी। इधर, मायके वालों ने बताया कि ससुराल वालों ने रूबी की मौत का कारण मिर्गी को बताया था।