logo

कोलकाता में फंदे से झूलता मिला गिरिडीह की विवाहिता का शव, ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप

suicide_hang.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गिरिडीह की एक विवाहिता का शव कोलकाता स्थित ससुराल में फंदे से झूलता मिला। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बीच जमकर विवाद हुआ, यहां तक कि मृतका के पति की पिटाई भी कर दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार, पचंबा थाना क्षेत्र के बरतर कालीमंडा रोड निवासी शंकर प्रसाद साहू की 25 वर्षीय पुत्री रानी कुमारी की शादी करीब एक वर्ष पूर्व मिर्जागंज निवासी अमरेंद्र साहू से हुई थी। शादी के बाद अमरेंद्र अपनी पत्नी को कोलकाता के वीआईपी नगर स्थित आवास पर ले गया, जहां उसका पूरा परिवार रहता है।

रानी के परिजनों का आरोप है कि शुरुआती कुछ माह सब ठीक रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष ने दहेज में नकद और जेवर की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर रानी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी बीच 11 अगस्त को परिजनों को सूचना मिली कि रानी ने फांसी लगा ली है।

सूचना मिलने पर रानी के मायकेवाले कोलकाता पहुंचे, जहां अस्पताल में उन्होंने रानी का शव देखा। वहीं, दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में शव को मायकेवाले गिरिडीह ले आए। गुरुवार को जब रानी का पति अमरेंद्र और ससुर गिरिडीह पहुंचे, तो मायकेवालों ने अमरेंद्र की पिटाई कर दी।

इधर, रानी के परिजनों ने कोलकाता के वीआईपी नगर थाने में आवेदन देकर पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला दर्ज कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Tags - jharkhand news kharkhand latest news jharkhand update jharkhand khabar crime news crime latest news murder news giridih news giridih latest news giridih crime newsdowry death