गिरिडीह:
गिरिडीह का प्रवासी मजदूर मनोज कुमार महतो मध्य प्रदेश में लापता हो गया। सरिया थानाक्षेत्र के गोविंदपुर का रहने वाला मनोज, रोजगार की तलाश में गया था। घरवालों ने बताया कि मनोज 11 अगस्त की रात आखिरी बार नागदा जंक्शन में दिखा था। आज 22वें दिन भी मनोज का सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। पत्नी चमेली देवी समेत मनोज का पूरा परिवार उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद में है। घरवालों ने बताया कि तिरला के रहने वाले ठेकेदार रामकिशोर महतो के जरिये मनोज एलएंडटी कंपनी में काम करने मध्य प्रदेश गया था। 11 अगस्त की रात को करीब 11 बजे उसके नागदा जंक्शन से लापता होने की जानकारी मिली। मनोज के मोबाइल पर संपर्क नहीं हो पा रहा है।

परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है
मनोज परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है। 11 जून 2023 को भाई विनोद महतो की मौत के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी मनोज के कंधों प है। मनोज के यूं अचानक लापता हो जाने से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

मनोज की पत्नी का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
पति के लापता होने के बाद पत्नी चमेली देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने रांची स्थित प्रवासी नियंत्रण कक्ष में आवेदन देकर पति की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। इधर, प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने मनोज के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने झारखंड सरकार एवं प्रशासन से मध्य प्रदेश पुलिस के सहयोग से मामले में तत्काल कार्रवाई कर मनोज की तलाश तेज कराने की मांग की।
.jpeg)
परिजनों की सरकार से मार्मिक अपील
परिजनों ने झारखंड सरकार, प्रशासन एवं मध्य प्रदेश पुलिस से भावुक अपील करते हुए कहा, “कई दिनों से हमारा अपना घर से दूर है। हर फोन की घंटी पर उम्मीद जगती है कि शायद मनोज की कोई खबर आई होगी। परिवार उसकी सलामती को लेकर बेहद चिंतित है। सरकार से हमारी हाथ जोड़कर गुहार है कि मनोज की जल्द तलाश कराकर उसे सकुशल घर वापस लाया जाए।”