द फॉलोअप डेस्क
आरपीएफ ने पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन से घर से भागे एक नाबालिग प्रेमी जोड़े को पकड़ा है। दोनों इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए थे। अब शादी करने के लिए ओडिशा के संबलपुर भागने वाले थे। रविवार देर शाम आरपीएफ की टीम प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर गश्त कर रही थी। तभी संदिग्ध स्थिति में बैठे एक किशोर और किशोरी पर शक गया। उनसे पूछताछ की गई तो पूरा मामला पता चला।

पहली मुलाकात के बाद भागने का बनाया प्लान
पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह मनोहरपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि किशोर गोईलकेरा थाना क्षेत्र का निवासी है। दोनों नाबालिग हैं। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती हुई थी। रविवार को पहली बार मनोहरपुर के साप्ताहिक बाजार में मुलाकात हुई, जिसके बाद दोनों ने साथ भागने का फैसला किया और संबलपुर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंच गए। किशोर ने बताया कि वह पहले संबलपुर की एक कंपनी में काम कर चुका है और दोनों वहीं साथ काम करने के बाद शादी करना चाहते थे।

आरपीएफ की सतर्कता से टली बड़ी घटना
आरपीएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की के परिजनों का पता लगाया। सोमवार को चाइल्ड लाइन के मनोज दास और बाल संरक्षण पदाधिकारी जगन्नाथ पोद्दार की मौजूदगी में किशोरी को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, नाबालिग लड़के को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत चाइल्ड लाइन भेज दिया गया। आरपीएफ की सतर्कता से दोनों को समय रहते सुरक्षित बरामद कर लिया गया।