द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक का मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही धनबाद, पूरे झारखंड और बिहार कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ गई। मन्नान मल्लिक कांग्रेस के अनुभवी नेताओं में गिने जाते थे और लंबे समय तक राजनीति तथा जनसेवा से जुड़े रहे। उनके निधन पर कांग्रेस नेताओं और कई जनप्रतिनिधियों ने गहरा दुख जताया है।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शोक जताया
राज्य की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और पार्टी के मजबूत स्तंभ मन्नान मल्लिक का निधन बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि उनका जाना कांग्रेस परिवार और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मन्नान मल्लिक ने हमेशा समाज और लोगों की सेवा को प्राथमिकता दी। उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार, शुभचिंतकों और समर्थकों को इस दुख की घड़ी में हिम्मत देने की कामना की। मन्नान मल्लिक के निधन से उनके समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी गहरा शोक है। लोग उन्हें एक सरल, मिलनसार और जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने वाले नेता के रूप में याद कर रहे हैं।