logo

भाजपा ने मनीष दुबे को दी बड़ी जिम्मेदारी, 12 विभागों के सह संयोजक नियुक्त

भाजपा ने मनीष दुबे को दी बड़ी जिम्मेदारी, 12 विभागों के सह संयोजक नियुक्त

द फॉलोअप, जामताड़ाः

 ​भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पार्टी के संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकोष्ठों और विभागों के संयोजक एवं सह संयोजकों की घोषणा की है। इस नई संगठनात्मक घोषणा में जामताड़ा के वरिष्ठ नेता मनीष दुबे को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें भाजपा के सभी 12 विभागों का सह संयोजक नियुक्त किया है। साथ ही, उन्हें मोर्चा के दायित्व से मुक्त करते हुए प्रदेश स्तर के बड़े संगठनात्मक कार्यों की कमान सौंपी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा घोषित 12 प्रमुख विभागों में स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नमामि गंगे, प्रशिक्षण अभियान, नीति शोध, मीडिया संपर्क, राजनीतिक कार्यक्रम एवं बैठक प्रबंधन, अध्यक्षीय कार्यालय प्रवास एवं कार्यक्रम, चुनाव आयोग समन्वय, विधि एवं कानून, पार्टी पत्रिका एवं प्रकाशन (अंत्योदय) तथा अंतरराष्ट्रीय संपर्क विभाग शामिल हैं।

 


 

लंबा राजनीतिक सफर रहा है मनीष दुबे का 
​मनीष दुबे का राजनीतिक सफर काफी लंबा और संगठनात्मक अनुभवों से भरा रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के माध्यम से छात्र राजनीति से की थी। इसके अलावा, वे बाल्यकाल से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहे हैं। संघ और छात्र राजनीति के बाद उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के जरिए सक्रिय राजनीति में कदम रखा। अपने राजनीतिक सफर के दौरान मनीष दुबे ने कई अहम पदों पर कार्य किया है। वे युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री और लगातार दो कार्यकाल तक प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सांगठनिक कार्यकुशलता के कारण उन्होंने बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे राज्यों में लोकसभा, विधानसभा, नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों में पार्टी के प्रवासी कार्यकर्ता के तौर पर भी प्रभावी चुनावी भूमिका निभाई है।


 

उम्मीद पर खरा उतरने का करुंगा प्रयास-मनीष दुबे​
अपनी इस नई और बड़ी जिम्मेदारी पर प्रतिक्रिया देते हुए मनीष दुबे ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर जो अटूट विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे अपने दायित्वों का शत-प्रतिशत निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।

Tags - BJP Jharkhand Aditya Sahu Manish Dubey Jamtara News Jharkhand News