जमशेदपुर
जमशेदपुर के मानगो में वर्चस्व की लड़ाई एक बार फिर खूनी टकराव में बदल गयी। गुरुद्वारा रोड स्थित मुंशी मोहल्ला मजार के पास बुधवार शाम करीब 7 बजे अपराध की दुनिया से जुड़े 23 वर्षीय राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की सरेआम हत्या कर दी गयी। 25 से 30 युवकों ने राहुल को घेरकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद राहुल की मौत पर टीएमएच में हंगामा और बढ़ते दबाव के बीच देर रात साहेब सिंह उर्फ शब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली समेत तीन आरोपियों ने थाना में सरेंडर कर दिया। पुलिस अब हत्या के पीछे की रंजिश और शामिल अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। बताया गया कि राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा श्रीराम स्टोर के पास सड़क किनारे बाइक लेकर खड़ा था। उसके साथ कुछ दोस्त भी मौजूद थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में कई युवक वहां पहुंचे और राहुल पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले में राहुल को संभलने तक का मौके नहीं मिला। हमलावरों ने राहुल को घेरकर बेरहमी से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से मार पीटकर उसकी नृशंस हत्या कर दी। हमले के बाद राहुल को उसके साथियों ने बाइक से टीएमएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चश्मदीद आयुष दुबे ने पुलिस को दी जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी ललित मीणा, एएसपी ऋषभ त्रिवेदी, डीएसपी दयानंद कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे, खून लगे पत्थर और कई लाठी-डंडे बरामद किये हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। एक कैमरे में पूरी घटना कैद होने की बात सामने आ रही है। उधर, राहुल की मौत की जानकारी मिलते ही उसके साथी और परिचित टीएमएच पहुंचे और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। घटना के चश्मदीद आयुष दुबे ने पुलिस को बताया कि वह राहुल के साथ बाइक से वहां पहुंचा था। इसी दौरान साहेब सिंह उर्फ शब्बे समेत 25 से 30 युवक वहां पहुंचे और राहुल पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले गोली चलायी और फिर सिर पर वार किया। आयुष के अनुसार, उसने कुछ हमलावरों को पहचान लिया है, जिनमें शब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, आफताब, झंटू और अप्पा राव समेत अन्य युवक शामिल हैं।
.jpeg)
परिवार को लेकर धमकी दी थी
आयुष ने बताया कि राहुल और शब्बे के बीच इंस्टाग्राम पर एक युवती को लेकर विवाद शुरू हुआ था। दोनों के बीच लगातार कहासुनी और धमकी का दौर भी चल रहा था। हालांकि, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद देर रात करीब एक बजे साहेब सिंह उर्फ शब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली समेत एक अन्य युवक ने मानगो थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना के कारणों की जानकारी जुटायी जा रही है। देर रात सरेंडर के वक्त साहेब सिंह उर्फ शब्बे ने बताया कि राहुल से उसकी पहले से दुश्मनी थी। उसने दावा किया कि राहुल ने चार महीने पहले बंगाल क्लब के पास उस पर गोली चलायी थी और डिमना चौक पर भी उसे मारने का प्रयास किया गया था। शब्बे के अनुसार, उसने आत्मरक्षा में राहुल पर हमला किया। वहीं, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली ने पुलिस को बताया कि करीब दस दिन पहले डिमना रोड में राहुल ने उसे मारने का प्रयास किया था और परिवार को लेकर धमकी दी थी। इसी विवाद को लेकर उसने राहुल की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।