logo

गढ़वा में दूध लेकर जा रहे व्यक्ति को गोली मारी, सीने में लगी गोली; हायर सेंटर रेफर

गढ़वा में दूध लेकर जा रहे व्यक्ति को गोली मारी, सीने में लगी गोली; हायर सेंटर रेफर

गढ़वा: 
Garhwa News: गढ़वा थाना क्षेत्र के गुर्दी गांव में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति को गोली मारकर (shooting) घायल कर दिया गया। घायल की पहचान गुर्दी गांव निवासी शेख कुदुस अंसारी (Sheikh Qudus Ansari) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शेख कुदुस राजमिस्त्री (Rajmistri) का काम करने के साथ-साथ दूध पहुंचाने का काम भी करते हैं। मंगलवार सुबह दूध (Milk) लेकर गढ़वा आने के दौरान गुर्दी पहाड़ के पास गांव के ही कुछ लोगों ने उनके सीने में गोली मार दी।

गुर्दी पहाड़ के पास मारी गोली
परिजनों के अनुसार, शेख कुदुस अंसारी सुबह अपने घर से दूध लेकर गढ़वा काम के लिए निकले थे। इसी दौरान गुर्दी पहाड़ के पास उन पर गोली चला दी गई। गोली सीने में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी रास्ते से गढ़वा काम करने आ रहे कुछ लोगों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने घायल शेख कुदुस अंसारी का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

पहले से विवाद होने का आरोप
परिजनों ने बताया कि गांव के कुछ लोगों के साथ उनके परिवार का पहले से विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं और कई लोग जेल जा चुके हैं। परिजनों का आरोप है कि इसी पुराने विवाद को लेकर मंगलवार सुबह कुदुस अंसारी को गोली मारी गई।

पुलिस ने घायल से की पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घायल शेख कुदुस अंसारी से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद पुलिस घटनास्थल की ओर रवाना हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान व घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
 

Tags - Garhwa News Garhwa Crime Sheikh Kudus Ansari Jharkhand Crime News Garhwa Sadar Hospital'