logo

हाथियों के साथ सेल्फी ले रहा था शख्स, झुंड ने पटक-पटक कर मार डाला

ेाकिग.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के जनता जरीडीह गांव में जंगली हाथियों के साथ सेल्फी लेने की कोशिश एक व्यक्ति की जान पर भारी पड़ गई। सोमवार शाम करीब पांच बजे 42 वर्षीय उपेंद्र यादव हाथियों के काफी करीब पहुंचकर सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान हाथियों का झुंड भड़क गया और उन्हें पटक-पटक कर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद करीब तीन घंटे तक हाथियों का झुंड शव के आसपास डटा रहा, जिसके कारण रात करीब 8:30 बजे काफी मशक्कत के बाद शव को वहां से हटाया जा सका।


चेतावनी के बावजूद हाथियों के पास पहुंच रहे थे ग्रामीण
स्थानीय मुखिया टिकैत राजमणि सिंह और दयानंद पांडेय ने बताया कि हाथियों का झुंड सोमवार सुबह से ही जनता जरीडीह के जंगल में मौजूद था। वन विभाग लगातार लोगों को हाथियों से दूर रहने की चेतावनी देता रहा, लेकिन कई ग्रामीण इसकी अनदेखी करते रहे। बड़ी संख्या में लोग छोटे बच्चों को कंधे पर बैठाकर हाथियों को देखने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए जंगल की ओर पहुंच रहे थे।


शव के पास डटा रहा झुंड
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपेंद्र यादव बाइक से हाथियों के बेहद करीब पहुंच गए थे। जैसे ही उन्होंने सेल्फी लेने की कोशिश की, हाथियों का झुंड आक्रामक हो गया और उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद उनकी बाइक मौके पर ही पड़ी रही, जबकि शव हाथियों के घेरे में था। सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और हजारों ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। वन विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से देर शाम हाथियों को हटाकर शव को कब्जे में लिया गया।

Tags - Giridih ElephantAttack Selfie Wildlife Jharkhand