द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ शहर के पंचवटी अपार्टमेंट फेज-वन में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जहां चोरों ने एक फ्लैट का ताला तोड़ करीब 20 लाख के जेवरात और अन्य सामानों की चोरी कर ली है। यह घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़ित फ्लैट मालिक का नाम मनीष कुमार है जो कि पंजाब नेशनल बैंक, गिद्दी शाखा के मैनेजर हैं। उनका फ्लैट पंचवटी अपार्टमेंट फेज-वन के सी ब्लॉक के तीसरे तल्ले पर स्थित है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मनीष कुमार घर पर मौजूद नहीं थे।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित मनीष कुमार 17 जनवरी को अपने पैतृक गांव छोटकाकाना गए थे।जब 18 जनवरी की शाम वे लौटे तो उन्होंने अपने फ्लैट का ताला टूटा देखा। अंदर जाने पर पाया कि अलमारी का लॉक टूटा हुआ है और सारे सामान कमरे में बिखरे हैं। अलमीरा में करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 40 हजार कैश और अन्य सामान रखे थे जो अब गायब थे। घटना की जानकारी तत्काल रामगढ़ थाना पुलिस को दी गई जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी। 
स्थानीय लोगों के बताये अनुसार, चोरों ने अपार्टमेंट के एक अन्य फ्लैट का भी ताला तोड़ा था। लेकिन वह फ्लैट खाली होने के कारण वहां से कुछ हाथ नहीं लगा। वहीं चोरों ने बैंक मैनेजर के उसी कमरे का ताला तोड़ा, जिसमें आलमीरा रखा था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोरों को पहले से पूरी जानकारी थी। वहीं अपार्टमेंट के लोगों ने सोसाइटी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और कहा है कि सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर बीते एक सप्ताह से खराब है जिसे ठीक कराने के लिए भेजा गया है, जिसके कारण चोरी की घटना कैमरे में कैद नहीं हो सकी। हालांकि अपार्टमेंट में सुरक्षा गार्ड की तैनाती की गई है। इसके बाद भी इतनी बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है, जो कि प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।