logo

गिरिडीह में बड़ी चोरी: घर से 25 लाख के जेवर, 50 हजार नकद और जमीन के कागज गायब

जदतग21.jpg

पीयूष मिश्रा/गिरिडीह
गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत नवडीहा ओपी के चोरगता गांव में बीती रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने गांव निवासी मदन चौधरी के घर को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है, जबकि पूरे गांव में इस वारदात को लेकर चर्चा हो रही है। जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण मदन चौधरी और उनके परिवार के सदस्य रात में घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में घुस गए और कमरे में रखी अलमारी तथा बक्सों को खंगाल डाला। सुबह जब परिवार के लोग नीचे पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और जेवर, नकदी तथा जरूरी कागजात गायब थे। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का कहना है कि चोरी हुए जेवरों में घर की बहुओं के आभूषणों के अलावा बेटियों की शादी के लिए वर्षों से संजोकर रखे गए गहने भी शामिल हैं।


जमीन के कागजात चोरी होने से गहराया संदेह
परिजनों का कहना है कि चोर केवल जेवर और नकदी ही नहीं, बल्कि जमीन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने साथ ले गए हैं। इसी वजह से परिवार को घटना के पीछे किसी सुनियोजित साजिश की आशंका है। मदन चौधरी के पुत्र ने दावा किया कि वर्ष 2007 से कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने कुछ व्यक्तियों पर संदेह जताया है, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि चोरों द्वारा केवल जेवर और नकदी ही नहीं, बल्कि जमीन से संबंधित महत्वपूर्ण कागजात भी अपने साथ ले जाए गए हैं। इसी बात को लेकर परिवार को गहरा संदेह है। उनका कहना है कि सामान्यतः चोर की नजर नकदी और जेवरों पर होती है, लेकिन जमीन के दस्तावेजों की चोरी किसी सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करती है। मदन चौधरी के पुत्र ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों के साथ उनके परिवार का वर्ष 2007 से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने अभिमन्यु चौधरी, राजदेव चौधरी, अभिनाश चौधरी, महेश चौधरी, प्रदीप चौधरी, फुलेंद्र चौधरी और मनोज चौधरी पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि जमीन के कागजात चोरी होने के पीछे इन्हीं लोगों का हाथ हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस द्वारा किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की गई है। 


आवेदन मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नवडीहा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नवडीहा ओपी प्रभारी सबिता कुमारी ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से चोरी का आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से चोरी गए जेवर, नकदी और जमीन के दस्तावेज बरामद करने तथा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

 

Tags - Giridih Jamua Theft Crime Jharkhand