logo

जामताड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 लाख की अवैध नकली विदेशी शराब जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार

ruwvgwtby.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा पुलिस ने अवैध नकली विदेशी शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक और दो चारपहिया वाहनों से भारी मात्रा में शराब पकड़ी है। यह शराब धनबाद के गोविंदपुर से होकर नारायणपुर थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह मोड़ होते हुए बिहार भेजी जा रही थी। शराब तस्करों ने इस रास्ते को "सॉफ्ट कॉर्नर" समझकर चुना था और ट्रक को दो चारचक्का वाहनों से स्कॉर्ट किया जा रहा था।
एसपी राजकुमार मेहता को मिली गुप्त सूचना के बाद जामताड़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पाण्डेयडीह मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया और संदेह होने पर WB-51C-5752 नंबर की DCM गाड़ी को रोका। तलाशी के दौरान कुरकुरे की बोरियों के पीछे छिपाकर रखी गई 210 पेटी अवैध नकली विदेशी शराब ROYAL STAGE और 78 पेटी स्पिरिट बरामद की गई।
पुलिस ने ट्रक का स्कॉर्ट कर रही HUNDAI AURA (JH09-AW-1734) से 08 पेटी और Swift कार (JH10-DC-4782) से 07 पेटी नकली विदेशी शराब भी जब्त की। मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में ट्रक और दोनों स्कॉर्टिंग वाहनों के चालक शामिल हैं। सभी आरोपी धनबाद जिले के विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि झारखंड में जब्त शराब का कुल मूल्य लगभग 15.95 लाख रुपये है, जबकि बिहार में यह कीमत करीब 45 लाख रुपये के आसपास है। इसके साथ ही तीन वाहन, मोबाइल फोन और 33 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। एसपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि अवैध शराब माफियाओं पर पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


 

Tags - Latest jharkhand News jharkhand News Updates latest updates Jharkhand latest jharkhand News jharkhand News in hindi Jamtara Updates latest Jamtara news Jamtara news Updates Jamtara News Updates jharkhand news Updates Jamtara News in Hindi