logo

गिरिडीह में पुलिस-CRPF की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली

गिरिडीह में पुलिस-CRPF की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली

द फॉलोअप, गिरिडीह:

Jharkhand News: गिरिडीह जिले के पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री (Satchel charge) बरामद की है। गुरुवार को चतरो गांव के अंतर्गत जोकाई नाला और सतकटिया के जंगली इलाकों में चलाए गए अभियान के दौरान 494 जिलेटिन स्टिक, 16 कमर्शियल डेटोनेटर और करीब 1800 मीटर कॉर्डेक्स वायर समेत कई सामान मिले। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार (SP Dr. Bimal Kumar) और CRPF 154वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को गुप्त सूचना मिली थी कि पारसनाथ के पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों ने किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री और हथियार छिपाकर रखे हैं।

494 जिलेटिन स्टिक, आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त 16 कमर्शियल डेटोनेटर बरामद 

सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए संयुक्त टीम गठित की गई। इसके बाद CRPF 154वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट भट्टाचार्य उपाध्याय भाष्कर और खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में CRPF, जैप और जिला पुलिस बल की टीम ने कानीडीह, चतरो, जोकाई नाला तथा सतकटिया के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। 29 अक्टूबर की सुबह से दोपहर तक चली छापेमारी के दौरान उक्त सामग्री बरामद की गई। अभियान के दौरान EMULDYNE कंपनी की 494 जिलेटिन स्टिक, आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त 16 कमर्शियल डेटोनेटर और कॉर्डेक्स वायर के नौ बंडल बरामद किए गए।

पारसनाथ के जंगली क्षेत्र से विस्फोटक सामग्री की बरामदगी 

प्रत्येक बंडल में लगभग 200 मीटर वायर होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा काले रंग के राइफल की सीलिंग के दो पीस, एक क्षतिग्रस्त स्पीकर और दो क्षतिग्रस्त वायरलेस सेट भी मिले। इनमें एक मोटोरोला और दूसरा TALKABOUT कंपनी का है। सर्च ऑपरेशन में CRPF 154वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट भट्टाचार्य उपाध्याय भाष्कर, इंस्पेक्टर निमाईचंद महतो, खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह, हरलाडीह ओपी प्रभारी नीरज कुमार तथा खुखरा थाना के सहायक अवर निरीक्षक नीलमचन्द्र एक्का शामिल रहे। इनके साथ CRPF 154वीं बटालियन, जैप और जिला पुलिस बल के जवानों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। पारसनाथ के पहाड़ी (Parasnath Hills) और जंगली क्षेत्र से विस्फोटक सामग्री की बरामदगी को सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Tags - Giridih news Parasnath Hills Giridih Police CRPF Search Operation Jharkhand News Jharkhand Police