logo

जमशेदपुर में अवैध चुलाई शराब पर बड़ी कार्रवाई, 290 लीटर जब्त; एक तस्कर गिरफ्तार

j1.jpg

द फॉलोअप, जमशेदपुर
जमशेदपुर में अवैध चुलाई शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने रविवार देर शाम व्यापक अभियान चलाते हुए जुगसलाई और बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान करीब 290 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई, जबकि शराब बेच रहे एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया। पूरे अभियान के दौरान उत्पाद अधिनियम के तहत पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

बागबेड़ा थाना क्षेत्र के वायरलेस मैदान के पास हुई कार्रवाई 

उत्पाद निरीक्षक कुमार सत्येंद्र के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान की पहली कार्रवाई बागबेड़ा थाना क्षेत्र के वायरलेस मैदान के पास हुई। यहां अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची टीम को कुछ स्थानीय महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ा लेकिन अधिकारियों ने कार्रवाई जारी रखते हुए बड़ी मात्रा में चुलाई शराब बरामद कर ली।

इसके बाद टीम ने बागबेड़ा थाना के पीछे गुरुद्वारा मैदान के समीप स्थित एक मकान में छापा मारकर वहां से भी अवैध शराब जब्त की। अभियान आगे बढ़ाते हुए उत्पाद विभाग ने जुगसलाई थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन किनारे स्थित खटिक मोहल्ला और दृष्टि मार्केट के सामने संचालित तीन अलग-अलग अवैध शराब बिक्री केंद्रों पर भी कार्रवाई की जहां से भारी मात्रा में चुलाई शराब बरामद की गई।

छापेमारी में इन्हें किया गया गिरफ्तार 
छापेमारी के दौरान जुगसलाई निवासी गोपाल राय (50) को अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं पार्वती देवी, श्रवण खटिक, विनोद खटिक समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भी उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने वायरलेस मैदान के समीप संचालित एक अन्य अवैध शराब अड्डे को भी जांच के दायरे में लिया है।

उत्पाद विभाग का कहना है कि जिले में अवैध चुलाई शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने साफ किया है कि इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 

Tags - Jamshedpur Illegal LiquorExcise Department RaidCountry Liquor SeizureJugsalai Crime NewsJharkhand Excise Action