द फॉलोअप डेस्क
नगर पालिका चुनाव की तिथि को ध्यान में रखते हुए गढ़वा सदर एसडीएम संजय कुमार ने शहरी क्षेत्र की बाहरी परिधि में अवैध शराब के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस क्रम में गढ़वा के निकटवर्ती लगमा क्षेत्र के वनखेता बस्ती में संचालित अवैध महुआ शराब की एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। छापेमारी के दौरान मौके पर दो भट्टियां सक्रिय अवस्था में पाई गईं। शराब निर्माण में प्रयुक्त भट्टियां, ड्रम, पाइप तथा अन्य उपकरणों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही लगभग 14 क्विंटल अर्धनिर्मित महुआ जावा शराब को भी नष्ट कर दिया गया।
एसडीएम की टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही अवैध कारोबारी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह जानकारी मिली कि उक्त अवैध कारोबार लंबे समय से पिंटू मेहता नामक व्यक्ति द्वारा कुछ सरकारी कर्मियों की मिलीभगत से संचालित किया जा रहा था। बीच बस्ती के पास खुलेआम चल रही इस अवैध गतिविधि को लेकर जिला उत्पाद विभाग के संबंधित अधिकारियों एवं संबंधित थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। साथ ही अवैध कारोबारी और उसके पूरे नेटवर्क की जांच कर विधि-सम्मत अग्रेतर कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए हैं।
