logo

जमशेदपुर : दुर्गा पूजा को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, जानें किन रूटों पर रहेगी रोक, कहां कर सकेंगे पार्किंग

r6u.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दुर्गा पूजा के दौरान शहर की सड़कों पर भीड़-भाड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक योजना लागू की है। इस संबंध में तीन अलग-अलग आदेश जारी कर वाहनों की आवाजाही, पार्किंग स्थल, रूट डायवर्जन, नो-एंट्री जोन और सुरक्षा उपायों को लेकर दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। 28 सितंबर से 2 अक्तूबर तक शहर के विभिन्न इलाकों में रूट डायवर्जन, ड्रॉप गेट, बैरिकेडिंग और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। यह आदेश प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 2 बजे तक प्रभावी रहेगा।
निर्देश के अनुसार पूजा पंडालों के आसपास मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शाम 4 बजे से रात 2 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छोड़कर बाकी सभी को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया जायेगा। कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है। साकची, बिष्टुपुर, सोनारी, कदमा, मानगो, गोलमुरी और जुगसलाई जैसे इलाकों में आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्तों की सूची जारी की गई है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी वाहन को पंडालों के बिल्कुल समीप तक जाने की अनुमति नहीं होगी।
पार्किंग स्थल निर्धारित
भीड़ को नियंत्रित करने और अव्यवस्था से बचने के लिए अलग-अलग इलाकों में पार्किंग स्थल तय किये गये हैं। साकची, बिष्टुपुर, मानगो, कदमा और सोनारी में खुली जगहों व मैदानों को पार्किंग के लिए चिह्नित किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि वे केवल निर्धारित स्थलों पर ही वाहन खड़ा करें, अन्यथा ट्रैफिक पुलिस जब्त करेगी।

बेरीकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था
पूजा पंडालों की ओर जाने वाले मुख्य रास्तों और चौराहों पर बेरीकेडिंग की गई है, ताकि वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही रोकी जा सके। इसके अलावा पंडाल के प्रवेश व निकास द्वार पर भीड़ नियंत्रण के लिए अलग-अलग लेन बनायी गई हैं। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और होमगार्ड की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है।

विशेष अपील और हेल्पलाइन
यातायात पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और बिना जरूरत वाहन लेकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की व्यवस्था की गई है। आदेश में साफ कहा गया है कि ट्रैफिक व्यवस्था में बाधा डालने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पार्किंग नियम तोड़ने और नो-एंट्री में घुसने वाले वाहनों को जब्त किया जायेगा।
साकची क्षेत्र
साकची बाजार और पंडाल के आसपास का मुख्य मार्ग नो-एंट्री रहेगा।
साकची गोलचक्कर से होकर बिष्टुपुर और मानगो की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किये गये हैं।
साकची स्टेडियम और आसपास के खुले मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है।
भीड़ नियंत्रित करने के लिए बाजार और पंडाल तक जाने वाले रास्तों पर बेरीकेडिंग होगी।

बिष्टुपुर क्षेत्र
बिष्टुपुर थाना और मंदिर के पास से होकर पंडाल क्षेत्र में प्रवेश रोक दिया जायेगा।
जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और लोयोला स्कूल मैदान पार्किंग स्थल होंगे।
पंडाल के प्रवेश और निकास द्वार पर अलग-अलग रास्ते बनाये गये हैं।
बिष्टुपुर मेन रोड पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती होगी।
मानगो क्षेत्र
मानगो चौक से डिमना रोड और आजादनगर की ओर जाने वाले वाहनों का डायवर्जन किया जायेगा।
मानगो फुटबॉल मैदान और कॉलेज मैदान पार्किंग स्थल रहेंगे।
गोलचक्कर और पंडाल की ओर जाने वाले रास्तों पर बेरीकेडिंग कर आवागमन नियंत्रित किया जायेगा।

कदमा क्षेत्र
कदमा सोनारी लिंक रोड और उद्यान पंडाल के आसपास का इलाका नो-एंट्री होगा।
कदमा विज्ञान केंद्र और सोनारी एयरफील्ड रोड पार्किंग के लिए तय किये गये हैं।
पंडाल परिसर में भीड़ रोकने के लिए विशेष रूट लेन बनाये गये हैं।

सोनारी क्षेत्र
सोनारी एयरपोर्ट रोड से लेकर कदमा लिंक रोड तक कई मार्गों पर डायवर्जन लागू होगा।
सोनारी मैदान पार्किंग स्थल होगा।
पंडाल के पास वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

गोलमुरी और जुगसलाई क्षेत्र
गोलमुरी बाजार और जुगसलाई स्टेशन रोड पर नो-एंट्री लागू होगी।
गोलमुरी क्लब मैदान और जुगसलाई हाई स्कूल मैदान पार्किंग स्थल रहेंगे।

बेरीकेडिंग और सुरक्षा
सभी प्रमुख पंडालों तक जाने वाले रास्तों पर बेरीकेडिंग होगी। पंडाल के अंदर और बाहर पुलिस बल, होमगार्ड और सीसीटीवी की निगरानी में भीड़ नियंत्रण किया जायेगा।

इन रास्तों पर होगी बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट
साकची : साकची बाजार, करीम टॉकीज, शीतला मंदिर, रिलायंस ट्रेंड्स, सागर होटल व टेल्को मोड़ के पास बैरिकेडिंग।
बिस्टुपुर : जी रोड, नेताजी सुभाष चौक, मिल्क मैन कॉर्नर और टाटा स्टील अस्पताल रोड के पास ड्रॉप गेट और बैरिकेड लगाये जायेंगे।
गोलमुरी : टिनप्लेट मैदान, नीलडिह गोलचक्कर, एग्रिको गोलचक्कर से लेकर D रोड तक बैरिकेडिंग।
मानगो : मानगो चौक पुल के पास ड्रॉप गेट।
कदमा : कदमा थाना गेट, एडीएल स्कूल, रामनगर पूजा पंडाल और सोनारी लिंक रोड के पास ड्रॉप गेट एवं बैरिकेड।
सोनारी : कालीमाटी रोड, कैलीपोखर रोड और रामनगर लिंक रोड के पास विशेष बैरिकेडिंग।

आम जनता के लिए जरूरी निर्देश
पूजा पंडालों के 200 मीटर के दायरे में किसी भी वाहन का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
एमजीएम अस्पताल रोड को छोड़कर मुख्य मार्गों पर नो-एंट्री नियम लागू रहेगा।
आपातकालीन सेवाओं वाले वाहन (एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड आदि) को पूरी छूट दी जायेगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी मार्गों पर पुलिस बल, ट्रैफिक पुलिस और स्वयंसेवक तैनात रहेंगे।
किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियम उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई की जायेगी।
लोगों से अपील की गई है कि केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करें, नो-एंट्री और डायवर्जन नियमों का पालन करें। नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी और वाहनों को जब्त किया जायेगा।

 

Tags - latest Jamshedpur News Jamshedpur News updates latest kashidih news Jamshedpur news Updates latest Jamshedpur news in hindi latest Jamshedpur news Jamshedpur news in hindi latest updates Jamshedpur news