द फॉलोअप डेस्क, रांची:
रांची में केंद्रीय सरकारी कार्यालय से जुड़े कथित रिश्वतखोरी के मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। डोरंडा स्थित रीजनल पे एंड अकाउंट्स ऑफिस से जुड़े तीन अधिकारियों को एजेंसी ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक सीनियर अकाउंट ऑफिसर और दो असिस्टेंट अकाउंटेंट ऑफिसर शामिल हैं।
गिरफ्तार अधिकारियों की पहचान संतोष कुमार महतो, सुनील कुमार और सुजीत कुमार सिंह के रूप में बताई गई है। CBI के मुताबिक, इन अधिकारियों पर TA, CEA और PPO से जुड़े बिलों के भुगतान की प्रक्रिया में कथित तौर पर रिश्वत मांगने का आरोप है। एजेंसी को शिकायत मिली थी कि बिल पास कराने और भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले रकम की मांग की जा रही थी।

आवासीय ठिकानों पर भी तलाशी
कार्रवाई के दौरान CBI की टीम ने आरोपियों से जुड़े आवासीय परिसरों में भी तलाशी ली। एजेंसी के अनुसार इस दौरान नकदी, आभूषण और संपत्ति से संबंधित दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। अधिकारियों के बैंक खातों और पासबुक की भी जांच की जा रही है, ताकि कथित लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों का पता लगाया जा सके। CBI की टीम रीजनल पे एंड अकाउंट्स ऑफिस में उपलब्ध दस्तावेजों और रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। जांच का फोकस पिछले करीब एक साल के दौरान बिलों के भुगतान, वित्तीय लेन-देन और कथित रिश्वतखोरी से जुड़े मामलों पर है।
