logo

बोकारो में 40 लाख रुपये के जेवरात चोरी का खुलासा, पुलिस ने अब तक 5 आरोपितों को पकड़ा 

बोकारो में 40 लाख रुपये के जेवरात चोरी का खुलासा, पुलिस ने अब तक 5 आरोपितों को पकड़ा 

द फॉलोअप, बोकारो: 

Crime News: बोकारो जिले के चंद्रपुरा स्थित डीवीसी कॉलोनी में करीब 40 लाख रुपये के जेवरात चोरी (Jewelry Theft) के मामले में पुलिस (Bokaro police) ने किशोर समेत तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी के कई आभूषण बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस पहले भी दो आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। बुधवार को बेरमो अंचल के पुलिस निरीक्षक अरविंद कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। गिरफ्तार युवकों की पहचान बेरमो के पश्चिम पल्ली निवासी मो. दानिश (19) और चंद्रपुरा के संडे मार्केट निवासी साहिल उर्फ कारू (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने बुधवार को दोनों युवकों की परेड भी कराई। पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को डीवीसी कॉलोनी स्थित क्वार्टर नंबर एफ/डी-05 में दिनदहाड़े चोरी हुई थी।

दो युवकों और एक किशोर को पकड़ा गया

चोरों ने करीब 40 लाख रुपये के जेवरात और एक लाख रुपये नकद ले गए थे। इस संबंध में चंद्रपुरा थाना कांड संख्या 112/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बोकारो पुलिस अधीक्षक (Bokaro SP) के निर्देश पर मामले के उद्भेदन के लिए बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने कमला माता मंदिर पहाड़ी से बिरसा बस्ती निवासी रोहित कुमार (26) और विजय कुमार (22) को गिरफ्तार किया था। उनके पास से चांदी के कुछ सामान और 5,500 रुपये नकद बरामद हुए थे। दोनों को 30 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया था। पुलिस के मुताबिक, पहले गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की गई। इसके बाद मंगलवार की रात छापेमारी कर दो युवकों और एक किशोर को पकड़ा गया।

सभी आरोपितों की भूमिका की पुष्टि लेकर जांच जारी

उनकी निशानदेही पर सोने के चार कड़े, 11 कंगन, 24 चूड़ियां, एक मंगलसूत्र, 17 अंगूठियां, तीन गले के हार और 13 जोड़ी कान के झुमके समेत अन्य आभूषण बरामद किए गए। छापेमारी टीम में बेरमो अंचल के पुलिस निरीक्षक अरविंद कुमार, चंद्रपुरा थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक प्रवीण महतो और जितेंद्र कुमार, क्यूआरटी के चंदन दुबे, अनिल कुमार यादव और रमेश कुमार तथा सहायक अवर निरीक्षक अजमत हुसैन शामिल थे। अभियान में चंद्रपुरा थाना रिजर्व गार्ड और क्यूआरटी के जवानों ने भी भाग लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। बरामद आभूषणों का चोरी किए गए सामान से मिलान करने और सभी आरोपितों की भूमिका की पुष्टि को लेकर जांच जारी है।

Tags - Bokaro News Jewelry Theft Police Investigation Bokaro police Crime NewsTheft Case