जमशेदपुर
झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति इन दिनों सात दिवसीय अध्ययन दौरे पर महाराष्ट्र में है। समिति की सभापति कल्पना सोरेन के नेतृत्व में गए शिष्टमंडल में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और विधायक शशिभूषण मेहता शामिल हैं। दौरे के दौरान महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं, कार्यप्रणालियों और संस्थागत मॉडलों का अध्ययन किया जा रहा है। समिति ने महाराष्ट्र विधानसभा का भ्रमण कर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मुलाकात की। बैठक में महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण, पोषण, योजनाओं के क्रियान्वयन और बजट प्रबंधन जैसे विषयों पर चर्चा हुई। दोनों राज्यों के अनुभवों के आदान-प्रदान के जरिए समिति ने विभिन्न कार्यप्रणालियों को समझने का प्रयास किया। 
विधायक पूर्णिमा साहू ने नई शाखा खोलने की रखी मांग
दौरे के क्रम में शिष्टमंडल ने मुंबई के बांद्रा स्थित श्री महिला गृह उद्योग लिज्जत पापड़ के निर्माण केंद्र का भी दौरा किया। यहां महिलाओं द्वारा संचालित स्वरोजगार मॉडल की कार्यप्रणाली का अध्ययन किया गया। विधायक पूर्णिमा साहू ने संस्था के प्रतिनिधियों को जमशेदपुर में भी शाखा शुरू करने का आमंत्रण दिया, ताकि स्थानीय महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। समिति ने कामकाजी महिलाओं के लिए संचालित महिला हॉस्टल का निरीक्षण कर सुरक्षा, आवासीय सुविधा और प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी ली। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों में कुपोषण के क्षेत्र में कार्यरत स्नेहा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की गयी।
मंदिर दर्शन से लेकर डब्बावाला सिस्टम का अध्ययन
शिष्टमंडल ने मुंबई के प्रसिद्ध डब्बावाला टिफिन डिलीवरी सिस्टम की कार्यप्रणाली का भी अध्ययन किया। वहीं दौरे की शुरुआत श्री सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। प्रवास के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने महालक्ष्मी मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि अध्ययन दौरा महिला एवं बाल विकास से जुड़े विषयों को समझने के लिहाज से उपयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े मुद्दों पर टाटा प्रबंधन के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।